जीत के बाद फिर हनुमान मंदिर पहुंचे केजरीवाल, 14 Feb को फिर ले सकते हैं शपथ
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्ली में लगातार तीसरी जीत दर्ज करने के बाद मंगलवार शाम कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे हैं। इससे पहले उन्होंने पार्टी दफ्तर पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वह इस महीने में चौथी बार इस मंदिर में हनुमान जी के दर्शन करने पहुंचे थे। वहीं ऐसी खबरें भी मीडिया में आ रही हैं कि, केजरीवाल 14 फरवरी को एक बार फिर से शपथ ले सकते हैं।

दिल्ली चुनावों में भारी जीत मिलने के बाद मंगलवार शाम सीएम अरविंद केजरीवाल एक बार फिर कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल, डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, और सांसद संजय सिंह की पत्नी भी मौजूद थीं। यह चौथी बार है जब वे इस महीने हनुमान मंदिर पहुंचे हैं। नामाकंन से पहले वह मंदिर गए थे, इसके बाद चुनाव प्रचार के बीच में वे मंदिर पहुंचे थे। इसके बाद वे मतदान वाले दिन भी हनुमान मंदिर पहुंचे थे।
शानदार जीत को भारत की जीत बताते हुए केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से एक नई तरह की राजनीति का उभार हुआ है । स्कूल, अस्पताल बनाने वाली और लगातार सस्ती बिजली देने वाली पार्टी को लोगों ने गिफ्ट दिया है। राष्ट्रीय राजधानी में आप मुख्यालय में जश्न में डूबे समर्थकों और पार्टी के कार्यकर्ताओं को संक्षिप्त संबोधन में केजरीवाल ने कहा, 'आई लव यू।'

उन्होंने कहा, 'यह दिल्ली के लोगों की जीत है, जिन्होंने मुझे अपना बेटा माना...हनुमानजी ने मुझे आशीर्वाद दिया। भगवान मुझे दिल्ली के लोगों की सेवा करने की और ताकत दे। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल एक बार फिर से दिल्ली के सीएम के तौर पर 14 फरवरी शपथ ले सकते हैं। इससे पहले 2015 में भी अरविंद केजरीवाल ने 14 फरवरी को शपथ ली थी।












Click it and Unblock the Notifications