बस मार्शल ने दिखाई बहादुरी तो केजरीवाल बोले- संतोष, गर्व है तुम पर
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बस में फोन चोर को पकड़ने वाले मार्शल की तारीफ की है। बस मार्शल संतोष ने डीटीसी बस रूट नंबर 540 में शनिवार सुबह एक चोर को मुसाफिर की जेब से फोन निकालते पकड़ लिया था। उन्होंने फोन मुसाफिर को लौटा दिया था। डॉ सरबप्रीत सिंह गुगलानी ने संतोष की तारीफ करते हुए ट्वीट किया था। इस पर केजरीवाल ने भी उनकी तारीफ की।

केजरीवाल ने डॉ सरबप्रीत सिंह गुगलानी के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा, कितनी ख़ुशी की बात है कि बस मार्शल बहादुरी से इस तरह हमारे दिल्ली परिवार को सुरक्षा दे रहे हैं। दिल्ली को संतोष जैसे मार्शल पर गर्व है।
दिल्ली की डीटीसी और क्लस्टर स्कीम की सभी बसों में महिलाओं का सफर सुरक्षित करने के लिए दिल्ली सरकार ने 13 हजार बस मार्शल हाल ही में नियुक्त हुए हैं। इनमें 6 हजार सिविल डिफेंस कर्मी हैं, जबकि 7 हजार पूर्व होमगार्ड हैं। इनमें 34 सौ मार्शल पूर्व में बसों में तैनात थे। सिविल डिफेंस कर्मियों को विशेष तौर पर ट्रेनिंग देने की व्यवस्था दिल्ली सरकार की तरफ से की गई है। यह बस मार्शल बस में हर तरह की आपात स्थिति से निपटेंगे। वह बस में बीमार की मदद भी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications