बुराड़ी में बना 450 बेड का सरकारी अस्पताल, केजरीवाल बोले- कोरोना के खिलाफ हमारी लड़ाई और मजबूत होगी
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को एक सरकारी अस्पताल का उद्घाटन किया है। ये उद्घाटन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया गया है। इस अस्पताल में 450 बेड हैं और यह बुराड़ी में स्थित है। हालांकि अस्पताल के उद्घाटन के लिए वहां स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि वह कोविड-19 और कुछ अन्य कारणों से वहां नहीं आ सके हैं। लेकिन इससे पहले निरीक्षण करने आ चुके हैं। सीएम ने कहा कि इस अस्पताल का उद्घाटन करने के बाद अब दिल्ली के कोविड-19 अस्पतालों में 450 बेड और जुड़ जाएंगे।
Recommended Video

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने आगे कहा कि दिल्ली सरकार, केंद्र सरकार और दिल्ली के लोगों ने मिलकर पिछले एक महीने में कोरोना वायरस के केस कम किए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पॉजिटिव मामलों में कमी आई है और रिकवरी रेट में इजाफा हुआ है। ये सभी की मेहनत के कारण हुआ है। उन्होंने इसके साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों, डॉक्टरों और नर्सों को उनकी कड़ी मेहनत के लिए बधाई दी है। साथ ही कहा कि आने वाले समय में ये अस्पताल बुराड़ी के लोगों सहित पूरी दिल्ली की काफी मदद करेगा।
अस्पताल के उद्घाटन के दौरान सोशल डिस्टैंसिंग का भी पालन किया गया है। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा था कि दिल्ली के अस्पतालों में अभी 20% बेड भरे हुए हैं, 80% बेड खाली हैं। पूरे देश में पिछले 10 दिनों में पॉजिटिव मामलों का अनुपात बढ़ा है लेकिन दिल्ली में अनुपात घटा है। दिल्ली में पॉजिटिव मामलों का अनुपात 5% है (जितने टेस्ट किए गए उनमें 5% सैंपल पॉजिटिव आए हैं)।
वहीं दिल्ली में कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो बीते 24 घंटों में यहां 1025 नए मामले, 1866 रिकवर और 32 मौतें दर्ज की गई हैं। अब कुल मामले बढ़कर 1,28,389 हो गए हैं, जिनमें 1,10,931 रिकवर और 3777 मौतें शामिल हैं। पूरे देश की बात करें तो स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 48,916 नए मामले सामने आए हैं और 757 मरीजों की मौत हुई है। देश में अब कोविड-19 पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 13,36,861 है। जिसमें 4,56,071 सक्रिय मामले, 8,49,431 ठीक/डिस्चार्ज/विस्थापित मामले और 31,358 मौतें शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications