दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता कोरोना पॉजिटिव, पार्टी दफ्तर के 17 लोगों को भेजा गया कोविड सेंटर
नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा तेजी से बढ़ता जा रहा है। दिल्ली में भी कोरोना वायरस का कहर कम नहीं हो रही है। अब दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता भी कोरोना संक्रमण के शिकार हो गए हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्विटर पर दी। बताया जा रहा है कि दिल्ली बीजेपी कार्यालय के 17 और लोगों को भी कोविड-19 संक्रमण हुआ है।

आदेश गुप्ता ने ट्वीट करके अपने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि पिछले हफ्ते हल्का बुखार होने के बाद मैंने कोविड टेस्ट कराया था जिसकी रिपोर्ट निगेटिव थी, लगातार अस्वस्थ महसूस करने के कारण मैंने फिर से कोरोना का टेस्ट कराया जो पॉजिटिव आया है। वैसे तो मैं पिछले एक सप्ताह से क्वारंटाइन हूं फिर भी कोई मेरे संपर्क में आया हो तो वह अपनी जांच करा ले।

चार दिन पहले कार्यालय के एक चपरासी के संक्रमित होने के बाद एहतियात के तौर पर मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में सभी की कोरोना जांच कराई गई। बीजेपी दफ्तर में रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों में 17 लोग मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। यह जानकारी दिल्ली बीजेपी मीडिया सेल के प्रमुख अशोक गोयल ने दी थी। आज दिल्ली बीजेपी दफ्तर में सैनिटाइजेशन काम हो रहा है जिसके चलते दफ्तर बंद है।
पार्टी के नेताओं ने बताया कि दिल्ली बीजेपी संगठन सचिव सिद्धार्थन के ड्राइवर पहले कोविड पॉजिटिव मिले, लेकिन बाद में वे निगेटिव पाए गए। चार दिन पहले ही दफ्तर के चपरासी की कोरोना जांच करवाई गई थी, जिसकी रिपोर्ट सोमवार को आई। गौरतलब है कि सोमवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत चार विधायक और दो सांसद कोरोना संक्रमित पाए गए। इन सभी ने अपने आपको होम आइसोलेट कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications