अब दिल्ली भाजपा को सुंदरकांड का सहारा
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) दिल्ली भाजपा पिछले दिल्ली विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद फिर से उबरने लगी है। उसे भगवान के सहारे की भी दरकार है और अपने काम की भी। अगर बात भगवान के सहारे की करें तो हाल ही में दिल्ली भाजपा के पंडित पंत मार्ग स्थित दफ्तर में रामचरित मानस के सुंदर कांड का पाठ हुआ। इस आयोजन में भाजपा के अनेक नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
रामचरित मानस
सुंदर कांड को रामचरित मानस के अहम भागों में से एक माना जाता है। भाजपा के सूत्रों ने कहा कि उनके दफ्तरों में इस तरह के आयोजन होते रहते हैं। इसमें क्या बुराई है कि हम सुंदर कांड का अपने इधर आयोजन करें।
मोर्चा खोला
उधर, भाजपा ने केजरीवाल सरकार के निकम्मेपन के खिलाफ भी मोर्चा खोला हुआ है। पार्टी लगातार प्रदर्शन तथा धरने दे रही है। भाजपा के राज्यसभा सांसद आर.के. सिन्हा कहते हैं कि हम दिल्ली सरकार के निकम्मेपन को सहन नहीं करेंगे। हम उनकी कमियों को उजागर करते रहेंगे। हमारे प्रदर्शन-धरने जारी रहेंगे। दिल्ली हमारा गढ़ रही है। हमें इधर फिर से अपने को स्थापित करना है।
भाजपा का तगड़ा प्रदर्शन
भाजपा ने हाल ही में केजरीवाल के आवास के बाहर बिजली-पानी की समस्याओं के सवाल पर प्रदर्शन किया। इसमें पार्टी के कई पूर्व सांसद और विधायक थे।
किऱण बेदी का कमरा
इस बीच, दिल्ली भाजपा के दफ्तर में बना किरण बेदी का कमरा अब किसी दूसरे पदाधिकारी को जल्दी ही मिल जाएगा। उनके भाजपा में शामिल होते ही उसे तैयार कर दिया गया था। उसमें तमाम आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवा दी गईं थीं। पर किरण बेदी के विधानसभा चुनावों के बाद से पार्टी से दूरी बनाने के बाद उनके कमरे का उपयोग नहीं हो रहा था। अब माना जा रहा है कि इसमें कोई सीनियर नेता को जगह मिल जाएगी।













Click it and Unblock the Notifications