नागरिकता कानून पर जागरुकता रैली के लिए भाजपा सांसद ने 360 गांवों में भेजा बुलावा, आए 250 लोग
नागरिकता कानून पर जागरुकता रैली के लिए भाजपा सांसद ने 360 गांवों में भेजा बुलावा, आए 250 लोग
नई दिल्ली। नागरिकता कानून को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेता सभाएं कर लोगों से मिल रहे हैं। दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रमेश बिधूडी भी लगातार सीएए और एनआरसी के पक्ष में सभाएं कर रहे हैं। शनिवार को बिधूडी ने नागरिकता कानून के समर्थन में महापंचायत बुलाई थी। सांसद ने 360 गावों के लोगों को न्योता भेजा था। हजारों की तदाद में लोगों के जुटने का अंदाजा लगाया जा रहा था लेकिन भाजपा सांसद की ये महापंचायत इस लिहाज से कामयाब नहीं हो सकी। करीब 250 लोग ही पहुंचे तो भाजपा नेता इन्हीं लोगों के सामने भाषण देकर चले गए।

नागरिकता संशोधन कानून को लेकर भाजपा जनजागरण अभियान चला रही है। इसके तहत नेता जाकर लोगों से इस कानून के बारे में बात कर रहे हैं। दरअसल, कानून के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए पार्टी ने ये अभियान शुरू किया है। 5 जनवरी को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह दिल्ली में इस अभियान की शुरुआत करेंगे। इस कानून पर समर्थन जुटाने के लिए भाजपा की ओर से एक टोल-फ्री नंबर भी जारी किया गया है।
बता दें कि दिसंबर, 2019 में संसद से पास हुए विवादित नागरिकता संशोधन कानून का देश के कई हिस्सो में काफी विरोध हो रहा है। असम, मेघालय, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के कई शहरों में इस कानून के खिलाफ निकाले गए जुलूसों में हिंसा भी हुई है। 20 से ज्यादा लोगों की मौत प्रदर्शनों में हो चुकी है। इस कानून में पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए हिंदू, जैन, सिख, बौद्ध, पारसी और ईसाई समुदाय के शरणार्थियों को नागरिकता का प्रस्ताव है। धर्म आधारित नागरिकता के प्रावधान को लेकर लोग विरोध जता रहे हैं और सड़कों पर उतरे हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications