दिल्ली चुनाव: बाबरपुर पोलिंग बूथ पर तैनात चुनाव अधिकारी की दिल का दौरा पड़ने से मौत
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर आज वोटिंग हो रही है। इस बीच खबर आ रही है कि चुनावी ड्यूटी में तैनात एक अधिकारी की मौत हो गई। दिल का दौरा पड़ने से चुनाव अधिकारी उधम सिंह की मौत गई। दिल का दौरा पड़ने के बाद उनको नजदीकी अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। उधम सिंह बाबरपुर प्राइमरी स्कूल स्थित पोलिंग बूथ पर तैनात थे।

वोटिंग को लेकर मतदाताओं में सुबह से ही उत्साह देखने को मिल रहा है। शाहीन बाग स्थित शाहीन पब्लिक स्कूल में मतदान केंद्र पर लंबी कतारें लगी हुई हैं। दिल्ली में सीनियर सिटीजन मतदाताओं के लिए चुनाव आयोग ने खास इंतजाम किए हैं। सीनियर सिटीजन मतदाताओं की मदद के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर सुबह 10 बजे तक 4.33 फीसदी मतदान हुआ है। दिल्ली में शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने माता-पिता से पैर छूकर आशीर्वाद लिया और फिर परिवार के साथ सिविल लाइन्स स्थित पोलिंग बूथ पर जाकर मतदान किया। वहीं, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी मतदान किया। दिल्ली के डिप्टी सीएम और पटपड़गंज सीट से उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने अपनी पत्नी सीमा सिसोदिया के साथ पांडव नगर स्थित पोलिंग बूथ पर वोट डाला।
औरंगजेब रोड पर पोलिंग बूथ नंबर- 81 और 82 पर बड़ी संख्या में लोग वोट डालने पहुंच रहे हैं। भाजपा नेता और दिल्ली की हरिनगर विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार तेजेंद्र पाल सिंह बग्गा ने भी मतदान किया। जबकि राजेंद्र नगर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार राघव चड्ढा ने भी मतदान किया। भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने साउथ एक्सटेंशन पार्ट-2 के पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला।












Click it and Unblock the Notifications