रेल भवन के बाहर सड़क पर ही सो गये केजरीवाल, शिंदे मिले पीएम से

अरविंद केजरीवाल के समर्थकों और भारी भीड़ के चलते सुरक्षा के कड़े इंतजाम किेये गये थे। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई 26 जनवरी तक नहीं होती है तो राजपथ को वह लाखों लोगों से भर देंगे और वह 26 जनवरी तक अपने समर्थकों के साथ यहीं पर धरना देते रहेंगे।
सीएम केजरीवाल के धरने के मद्देनजर आज भी दिल्ली दिल्ली मेट्रो के दो स्टेशन - केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन - मंगलवार को भी सुबह छह से 10 बजे के बीच बंद रहेंगे। मेट्रो के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों के अनुरोध पर यह निर्णय लिया गया।
लेकिन जहां दिल्ली के सीएम केजरीवाल धरने पर बैठे हैं वहीं उन्होंने कहा कि प्रदर्शन से दिल्ली सरकार का कामकाज बाधित नहीं होगा। उन्होंने कहा, "हम पहले की तरह अपना काम करते रहेंगे। सरकार का कामकाज निर्बाध रूप से चलता रहेगा, सिर्फ जगह बदली है।मैंने दो-चार दस्तावेजों पर (यहीं बैठे) दस्तखत किए हैं।"
केजरीवाल और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य कथित तौर पर पुलिस की अकर्मण्यता के खिलाफ रेल भवन के बाहर धरने पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि वह 10 दिनों तक धरना देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने आम लोगों और ईमानदार पुलिसकर्मियों को उनके प्रदर्शन से जुड़ने और कर्तव्य निष्पादन में असफल रहे पांच पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने की अपील की।
आम आदमी पार्टी (आप) ने पुलिस अधिकारियों पर दिल्ली के कानून मंत्री सोमनाथ भारती के निगरानी छापे में उनकी मदद न करने और दहेज के एक मामले में मंत्री राखी बिरला की शिकायत पर उचित कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications