VIDEO: जामिया के बाद अब शाहीन बाग में चली गोली, आरोपी बोला- देश में सिर्फ हिंदुओं की चलेगी
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून और एनआसी को लेकर शाहीन बाग में प्रदर्शन जारी है। इस दौरान एक शख्स ने गोली चलाई है। घटना शाहीनबाग में जसोला नाले के पास हुई है। सूचना पाकर मौके पर मौजूद पुलिस ने फायरिंग करने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसे थाने ले गई है और पूछताछ कर रही है।
Recommended Video

जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक आरोपी का नाम कपिल गुर्जर है। वो नोएडा से सटे दल्लुपुरा का रहने वाला है। शाहीन बाग थाने ले जाकर पुलिस कपिल गुर्जर से पूछताछ कर रही है। दिल्ली पुलिस के डीसीपी चिन्मय बिस्वाल ने बताया कि यह शख्स हवा में फायरिंग कर रहा था, जिसे तुरंत की गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कपिल ने 3 गोलियां चलाईं। पुलिस जब उसे गिरफ्तार कर ले जा रही थी तो कपिल ने कहा कि इस देश में किसी की नहीं चलेगी सिर्फ हिंदुओं की चलेगी। जहां गोली चली है वह जगह मुख्य धरनास्थल से करीब 150 मीटर दूर है। दरअसल यहीं से धरनास्थल परिसर के बैरिकेड लगे हैं। और सुरक्षाकर्मी भी यहां बैठे रहते हैं। गोली परिसर से बाहर चली है। आपको बता दें कि इससे पहले बीते 30 जनवरी को विरोध के लिए जामिया यूनिवर्सिटी से राजघाट तक मार्च निकाला जा रहा था। इस दौरान भी एक युवक ने फायरिंग की थी जिसमें एक युवक जख्मी हो गया था।
फायरिंग करने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। वो नाबालिग है और ग्रेटर नोएडा के दादरी का रहने वाला है। शख्स ने इस घटना को अंजाम देने से पहले फेसबुक लाइव किया था। अपने एक फेसबुक पोस्ट में आरोपी शख्स ने लिखा, ''शाहीन भाग खेल खत्म।'' बता दें कि शाहीन बाग इलाके में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर एक महीने से ज्यादा समय से धरना प्रदर्शन चल रहा है।
शाहीन बाग में शख्स ने लहराया था पिस्टल
इससे पहले भी शाहीन बाग में एक शख्स पिस्टल लहराया था जिसके बाद काफी बवाल हुआ था। पिस्टल लहराने वाले लुकमान ने बताया था कि वह शाहीन बाग में पिछले 30 सालों से रह रहा है। वह वहां प्रदर्शनकारियों से सड़क खोलने के लिए बोलने गया था। उसने बताया कि मैं हमेशा अपनी बंदूक अपने पास ही रखता हूं, किसी ने इसे देखा और निकाल लिया, मुझे नहीं पता कि यह कौन था। इसके बाद वहां अफवाह फैल गई थी कि प्रदर्शनकारियों को धमकाने के लिए युवक हाथ में पिस्तौल लेकर पहुंचा था।












Click it and Unblock the Notifications