दिल्ली: अचानक बिगड़े मौसम के चलते 24 फ्लाइट्स के रूट किए गए डाईवर्ट
नई दिल्ली। शुक्रवार शाम राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अचानक से मौसम बिगड़ने का काफी असर देखने को मिला। एक ओर जहां आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया वहीं मेट्रो, ट्रेन और हवाई जहाजों के परिचालन में भी दिक्कत आई। दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आने वालीं 24 फ्लाइट्स को खराब मौसम के कारण डाईवर्ट कर दिया गया। वहीं कई अन्य फ्लाइट्स के डिपार्चर और अराइवल के समय में देरी हुई। इसके साथ ही कई जगहों से मेट्रो परिचालन की दिक्कत की भी खबरें आईं।

गौरतलब है कि आज दिल्ली के कई इलाकों में मौसम अचानक से बिगड़ गया। अचानक बिगड़े मौसम के चलते कई इलाकों में तेज आंधी के साथ धूल का गुबार छा गया और शाम के 6 बजे ही लोगों की गाड़ियों की लाइट्स ऑन हो गईं। कई पैदल और मोटर साइकिल से चल रहे राहगीर सड़क के किनारे खड़े हो गए। तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई।
शाम 5.30 बजे के बाद अचानक बिगड़े मौसम के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बता दें कि यह वक्त लोगों के ऑफिस से घर वापस आने का होता है। इस समय दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक भी बहुत होता है। ऐसे में अचानक इस तरह मौसम के बदलने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications