गर्मी का कहर, दिल्ली में टूट गया सात साल का रिकॉर्ड
राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में मंगलवार को पारा 43 डिग्री सेल्सियस के ऊपर रहा। आज (बुधवार) सुबह भी दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
नई दिल्ली। बढ़ती गर्मी ने राजधानी दिल्ली को बेहाल कर दिया है। मंगलवार (18 अप्रैल) को गर्मी के मामले में कई रिकॉर्ड टूट गए। पिछले सात सालों में अप्रैल में मंगलवार सबसे गर्म दिन रहा। राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में मंगलवार को पारा 43 डिग्री सेल्सियस के ऊपर रहा। आज (बुधवार) सुबह भी दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत तापमान से चार डिग्री अधिक है।
हरियाणा और पंजाब भी जबरदस्त गर्मी और लू की चपेट में हैं। दोनों राज्यों में नारनौल सबसे गर्म रहा।नारनौल में 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। देश के दूसरे हिस्सों में भी गर्मी का कहर है। ओडिशा में गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है। ओडिशा का बलांगिर 44.5 डिग्री सेल्सियस के साथ मंगलवार को सबसे गर्म रहा।
देश के दूसरे हिस्सों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश में स्थानीय मौसम विभाग ने निचले पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि और तूफान की चेतावनी दी है। वहीं पश्चिम राजस्थान में कई जगहों पर अधिकतम तापमान के एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक लुढ़कने के कारण झुलसाने वाली गर्मी से हल्की राहत मिली है।
इस साल सामान्य रहेगा मानसून, होगी 96 फीसदी बारिश: मौसम विभाग