'अग्निपथ' योजना पर रक्षा मंत्रालय ने दी पूरी जानकारी, जानिए स्कीम की बड़ी बातें
नई दिल्ली, 19 जून: देश में जारी बवाल के बीच रक्षा मंत्रालय ने 'अग्निपथ' भर्ती योजना पर मीडिया से खुलकर बात की। योजना को लेकर फैली गलतफहमियां को दूर किया गया। रक्षा मंत्रालय ने अपनी बात रखी। सैन्य मामलों के विभाग में अतिरिक्त सचिव लेफ्टिनेंट जनरल अरुण पुरी ने कहा कि हर साल लगभग 17,600 लोग तीनों सेवाओं से समय से पहले रिटायरमेंट ले रहे हैं। किसी ने कभी उनसे यह पूछने की कोशिश नहीं की कि वे सेवानिवृत्ति के बाद क्या करेंगे?

Recommended Video
अग्निपथ योजना पर लेफ्टिनेंट जनरल अनिल पुरी ने मीडिया को बताया कि यह सुधार लंबे समय से लंबित था। हम इस सुधार के साथ युवावस्था और अनुभव लाना चाहते हैं। आज बड़ी संख्या में जवान अपने 30 के दशक में हैं और अधिकारियों को पहले की तुलना में बहुत बाद में कमान मिल रही है।
उन्होंने कहा कि 'अग्निवीर' को सियाचिन और अन्य क्षेत्रों जैसे क्षेत्रों में वही भत्ता मिलेगा, जो वर्तमान में सेवारत नियमित सैनिकों पर लागू होता है। सेवा शर्तों में उनके साथ कोई भेदभाव नहीं। देश की सेवा में अपना जीवन कुर्बान करने वाले 'अग्निवीर' को एक करोड़ रुपये का मुआवजा मिलेगा। इसी के साथ उन्होंने कहा कि हमारे साथ जो अग्निवीर में जुड़ना चाहता है वो प्रतिज्ञा लेगा कि उसने किसी प्रदर्शन या तोड़फोड़ में हिस्सा नहीं लिया...फौज में पुलिस वेरिफिकेशन के बिना कोई नहीं आ सकता। इसलिए प्रदर्शन कर रहे छात्रों से अनुरोध है कि अपना समय खराब न करें।
वायुसेना में 30 दिसंबर से पहले बैच की ट्रेनिंग शुरू
वहीं एयर मार्शल एसके झा ने कहा कि दिसंबर के अंत तक अग्नवीर के पहले बैच को वायुसेना में शामिल कर लेंगे। 30 दिसंबर से पहले बैच की ट्रेनिंग शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना में 24 जून से अग्निवीरों के पहले बैच को लेने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। यह एक ऑनलाइन सिस्टम है। उसी के तहत उसपर रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। एक महीने बाद 24 जुलाई से फैज-1 ऑनलाइन परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
नेवी में अग्निवीरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू
नौसेना के वाइस एडमिरल डी.के. त्रिपाठी ने योजना को लेकर कहा कि हमने अपनी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। 25 जून तक हमारा एडवरटाइजमेंट सूचना और प्रसारण मंत्रालय में पहुंच जाएगा। एक महीने के अंदर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 21 नवंबर को हमारे पहले अग्निवीर हमारे ट्रेनिंग संस्थान में रिपोर्ट करेंगे। नौसेना में हम महिला अग्निवीर भी ले रहे हैं। उसके लिए हमारी ट्रेनिंग में जो संशोधन करना है उसके लिए काम शुरू हो चुका है। हमें 21 नवंबर का इंतजार है, मुझे आशा है कि महिला और पुरुष अग्निवीर आईएनएस चिल्का पर रिपोर्ट करेंगे।
जानिए स्कीम से जुड़ी बड़ी बातें
- भविष्य में अग्निपथ योजना के तहत सैनिकों की भर्ती एक लाख से अधिक हो जाएगी।
- 17.5 वर्ष से 21 वर्ष की आयु के युवाओं को चार साल के कार्यकाल के लिए सेवाओं में शामिल किया जाएगा।
- केंद्र योजना का 'विश्लेषण' करने के लिए सेना के 46,000 उम्मीदवारों की भर्ती के साथ शुरुआत करेगा।
- सेवा शर्तों में उनके साथ कोई भेदभाव नहीं है।
- इस अवधि के दौरान उन्हें 30,000-40,000 रुपये से अधिक भत्ते के बीच मासिक वेतन का भुगतान किया जाएगा।
- रूटीन भर्ती नहीं होगी, अब सैनिकों की भर्ती अग्निपथ स्कीम के तहत की जाएगी।
- युवा भर्ती की तैयारी करें और अग्निपथ योजना में कोई बदलाव नहीं होगा। इसके अलावा इस स्कीम को वापस नहीं लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications