रणवीर ने ऐसा क्या किया, जो दीपिका को कहना पड़ा- आज रात तुम्हें खाना नहीं मिलेगा
रणवीर सिंह ने दीपिका की पोस्ट पर कुछ ऐसा कमेंट किया कि बदले में उन्हें रात का खाना तक नहीं मिला।
नई दिल्ली। दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह बॉलीवुड के सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहने वाले कपल्स में से एक हैं। दोनों किसी ना किसी वजह से अक्सर सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं। यहां तक कि सोशल मीडिया पर दोनों एक दूसरे की खिंचाई करने से भी नहीं चूकते हैं। हाल ही में दीपिका पादुकोण ने अपने इंस्टाग्राम पर अपने स्कूल के दिनों का खुलासा करते हुए अपना रिपोर्ट कार्ड शेयर किया। इसके बाद उनके पति रणवीर सिंह ने उस पोस्ट पर ऐसा कमेंट किया कि दीपिका ने भी जवाब में उन्हें रात का खाना देने से मना कर दिया।

रणवीर के कमेंट पर दीपिका ने ऐसे दिया जवाब
दरअसल दीपिका ने अपने इंस्टाग्राम पर जो रिपोर्ट कार्ड शेयर किया था, उसमें उनके टीचर ने लिखा हुआ था- 'निर्देशों का पालन करना सीखना चाहिए'। दीपिका की इस पोस्ट पर रणवीर सिंह ने कमेंट करते हुए लिखा, 'हां टीचर, मैं आपसे सहमत हूं'। बस फिर क्या था, दीपिका भी कहां चुप रहने वाली थीं। दीपिका ने रणवीर के कमेंट पर जवाब में लिखा, 'आज रात तुम्हें खाना नहीं मिलेगा'। दीपिका की यह पोस्ट काफी वायरल हो रही है। ऐसा पहली बार नहीं है जब दोनों की जोड़ी ने सोशल मीडिया पर इस तरह एक दूसरे की खिंचाई की है। इससे पहले भी दोनों इसी तरह की कुछ पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आ चुके हैं।

'दीपिका दिन में सपने देखती हैं'
आपको बता दें कि दीपिका पादुकोण ने सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट डालकर हाल ही में स्कूल के दिनों की अपनी कुछ पुरानी यादें ताजा की हैं। उन्होंने अपने स्कूल के दिनों की यादें शेयर करते हुए बताया है कि वो बचपन में कितनी शरारती थी। दीपिका ने इंस्टाग्राम पर स्कूल के दिनों में टीचर्स के रिमार्क्स को भी शेयर किया। जो रिपोर्ट कार्ड उन्होंने शेयर किए, उनमें से एक में उन्होंने लिखा कि दीपिका क्लास में बहुत बात करती हैं। दूसरी तस्वीर में लिखा है- दीपिका को अनुशासन का पालन करना चाहिए। तीसरे कार्ड में दीपिका के लिए उनके टीचर ने लिखा है- दीपिका दिन में सपने देखती हैं। इन सभी पोस्ट पर उनके पति रणवीर ने मजेदार कमेंट किए हैं।

पिछले साल की थी दोनों ने शादी
गौरतलब है कि दीपिका और रणवीर सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव हैं। दोनों अक्सर एक दूसरे की तस्वीरों पर कमेंट करते रहते हैं। हाल ही में दोनों एक अवार्ड फंक्शन के दौरान भी एक दूसरे के साथ मस्ती करते दिखे थे। फिल्मों की बात की जाए तो दीपिका पादुकोण ने हाल ही में फिल्म छपाक की शूटिंग खत्म की हैं। दीपिका और रणवीर ने पिछले साल 14-15 नवंबर को इटली में परिवार के खास लोगों के बीच शादी की थी। इसके बाद दोनों ने बेंगलुरू और मुंबई में अपनी शादी का रिसेप्शन भी दिया था।












Click it and Unblock the Notifications