PM Modi पर अभद्र टिप्पणी को लेकर बिहार से दिल्ली तक गरमाई राजनीति, शाह बोले-जितनी गाली दोगे, उतना खिलेगा कमल
Amit Shah slams Rahul Gandhi: बिहार के दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ कथित आपत्तिजनक नारेबाजी का मामला तूल पकड़ गया है। इस विवादित वीडियो के सामने आने के बाद सियासी पारा चढ़ गया है।
अब इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उन्होंने देश में "नफरत की राजनीति" शुरू की है, जो लोकतांत्रिक जीवन को बर्बाद कर देगी। दरअसल, दरभंगा में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान एक व्यक्ति ने मंच से आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए प्रधानमंत्री मोदी और उनकी दिवंगत मां पर अपशब्द कहे।

मंच पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और तेजस्वी यादव के पोस्टर लगे हुए थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।
अमित शाह ने दे दी कांग्रेस को चेतावनी
असम में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने पीएम मोदी की मां के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द कहकर निंदनीय कृत्य किया है। राहुल गांधी ने नफरत की राजनीति शुरू की है, जो देश को बर्बादी की ओर ले जाएगी।
शाह ने आगे कहा कि यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस नेताओं ने इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया हो। उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मणि शंकर अय्यर, दिग्विजय सिंह, जयराम रमेश और रेनुका चौधरी जैसे नेताओं का नाम गिनाते हुए कहा कि बार-बार अपशब्दों का इस्तेमाल कर कांग्रेस चुनाव नहीं जीत सकती।
उन्होंने तीखे अंदाज में कहा -"कांग्रेस नेताओं को यह समझ लेना चाहिए कि जितना ज्यादा आप प्रधानमंत्री मोदी को गाली देंगे, उतना ही कमल और खिलेगा। आपने हर चुनाव में यह तरीका अपनाया, लेकिन नतीजा सबके सामने है।"
वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए घटना की कड़ी आलोचना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा -"वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस और राजद के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ जो अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है, वह बेहद अनुचित है। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं।"
कांग्रेस की सफाई - 'BJP की साजिश'
वहीं कांग्रेस ने इस पूरे विवाद से पल्ला झाड़ते हुए इसे बीजेपी की साजिश करार दिया। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि यह टिप्पणी हमारे किसी कार्यकर्ता ने नहीं की। यह व्यक्ति बीजेपी का ही एजेंट है, जिसे मुद्दा खड़ा करने के लिए भेजा गया। बीजेपी जनता का ध्यान यात्रा से भटकाना चाहती है। देश सब देख रहा है। खेड़ा ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी इस तरह के "फर्जी विवाद" खड़ा करके महागठबंधन की यात्रा की लोकप्रियता से घबरा रही है।
दिग्विजय सिंह की मांग - 'जांच हो'
वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि पार्टी की संस्कृति इस तरह की नहीं है। उन्होंने जांच की मांग करते हुए कहा -"कांग्रेस का कोई भी नेता प्रधानमंत्री या उनके परिवार के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहता। यह हमारी संस्कृति नहीं है। इस मामले की जांच हो और दोषी पर कार्रवाई की जाए।"
दरभंगा से उठे इस विवाद ने अब राष्ट्रीय राजनीति को गरमा दिया है। बीजेपी कांग्रेस पर अभद्र भाषा की राजनीति का आरोप लगा रही है, तो वहीं कांग्रेस इसे बीजेपी की चाल बताकर बचाव कर रही है। बिहार में विपक्षी गठबंधन की इस यात्रा को लेकर पहले से ही भाजपा हमलावर थी, अब इस घटना ने सियासी तापमान और बढ़ा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications