Daily Political Update: राजस्थान में वोटिंग पूरी, बीजेपी-कांग्रेस का अब तेलंगाना पर फोकस
Assembly Election News Today: राजस्थान में शनिवार को कुल 200 में से 199 सीटों पर वोटिंग संपन्न हो गई है। ऐसे में अब सिर्फ 30 नवंबर को तेलंगाना में चुनाव होने हैं। जिसके बाद अब कांग्रेस और बीजेपी ने चुनावी राज्य तेलंगाना में डेरा डाल दिया है।
मिरोजम, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान के बाद अब तेलंगाना में सियासी दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। तेलंगाना के समर में शनिवार को पीएम मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा से रैलियों को संबोधित किया। इसी के साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी प्रचार का मोर्चा संभाला। ऐसे में जानिए शनिवार (25 नवंबर) के दिन चुनावी राज्य की सभी हलचल सिर्फ एक खबर में...

राजस्थान में वोटिंग पूरी, अब परिणाम के इंतजार
राजस्थान विधानसभा चुनाव के तहत शनिवार को वोटिंग संपन्न हो गई। शाम 5 बजे तक निर्वाचन आयोग के अनुसार राजस्थान में 68.24% मतदान दर्ज किया गया है।
सीएम गहलोत ने जताया वापसी का भरोसा: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वोटिंग के बाद वापसी का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि लोगों का आशीर्वाद हमें मिल चुका है, कांग्रेस की सरकार फिर से बनेगी। कौन क्या कह रहा है मुझे इससे फर्क़ नहीं पड़ता, मैं मेरी बात कर रहा हूं।
बहुमत के साथ सत्ता में वापस आएंगे: राजस्थान कांग्रेस प्रमुख गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा, "पूरे प्रदेश में कांग्रेस के प्रति बहुत ही उत्साह है। लोग खुशी से वोट कर रहे हैं। कांग्रेस ने जिस तरह का काम किया है और पार्टी ने जो गारंटी दी है, उससे भारी उत्साह है। कोविड के दौरान राज्य सरकार द्वारा किए गये प्रबंधन से लोगों में सरकार के प्रति सकारात्मक सोच बनी हुई है। कांग्रेस सरकार बहुत अच्छे बहुमत के साथ सत्ता में वापस आएगी।"
तेलंगाना में पूरा जोर, बीजेपी-कांग्रेस की ताबड़तोड़ सभाएं
वहीं अब चार राज्यों के चुनाव संपन्न होने के बाद कांग्रेस और बीजेपी ने अपना पूरा जोर तेलंगाना में लगा दिया है। बीजेपी के स्टार प्रचारक पीएम मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा और यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने चुनाव प्रचार किया। इसी के साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी ने भी पार्टी के लिए कैंपेन किया।
पीएम मोदी ने किया वादा: कामारेड्डी में एक सभा में नरेंद्र मोदी ने कहा, "लोगों ने हमारा ट्रैक रिकॉर्ड देखा है कि बीजेपी जो कहती है, उसे पूरा करती है। हमने वादा किया था कि हम तीन तलाक खत्म कर देंगे और हमने ऐसा किया। हमने कहा कि अनुच्छेद 370 खत्म कर दिया जाएगा, महिलाओं के लिए आरक्षण दिया जाएगा। सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन और हमने इसे पूरा किया। हमने राम मंदिर बनाने का वादा किया था और यह भी किया जा रहा है। तेलंगाना में हमने हल्दी बोर्ड बनाने का वादा किया था और इसे भाजपा सरकार ने पूरा किया है।"
कांग्रेस और बीआरएस से सावधान: महेश्वरम की एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "समय बदल रहा है और भाजपा पर आपका भरोसा तेलंगाना को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। लेकिन, आपको कांग्रेस और बीआरएस से सावधान रहना होगा, जिनके सदस्य यहां गलत जानकारी का विज्ञापन करते रहते हैं। वे एक-दूसरे पर आरोप लगाते हैं, फिर भी अंदर से वे एक साथ हैं।"
शाह ने केसीआर को घेरा: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हैदराबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने कहा कि BRS ने अपने घोषणा पत्र में 1 लाख नौकरियां देने का वादा किया था। 8 से ज्यादा पेपर लीक हुए, भर्तियां हो नहीं पाई। 40 लाख बच्चों को मुफ्त शिक्षा देनी थी, वो भी नहीं हुआ। 7 लाख गरीबों को घर देने का वादा उन्होंने पूरा नहीं किया, प्रधानमंत्री मोदी ने इसका प्रयास किया।
तेलंगाना में तृष्टिकरण की राजनीति का खेल: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तृष्टिकरण की राजनीति का सबसे गंदा खेल आज तेलंगाना में देखा जा सकता है। ये सरकार सभी जाति को उनके हकों से वंचित करती है। मुस्लिम आरक्षण संविधान विरोधी है इसे किसी भी तरीके से लागू नहीं होने देना चाहिए। बीआरएस और कांग्रेस मिलकर देश को एक नए विभाजन की ओर लेकर जाना चाहती है।
केसीआर के परिवार के हाथ सारी मिनिस्ट्री: निजामाबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, "केसीआर के परिवार के हाथ में सबसे पैसे बनाने वाली मिनिस्ट्री है। सबसे ज्यादा पैसा जमीन,शराब, खनन से बनाया जाता है। ये तीनों मंत्रालय केसीआर के परिवार के हाथ में हैं। अगर आप भ्रष्ट नहीं होते तो ये तीनों मंत्रालय आपके परिवार के हाथ में नहीं होते।"












Click it and Unblock the Notifications