Daily Political Update: 'राम नहीं, चुनाव आ रहे हैं', प्राण प्रतिष्ठा पर बोले बिहार के मंत्री, भाजपा का पलटवार
Daily Political Roundup: असम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी के समर्थकों और गुवाहाटी पुलिस के बीच तकरार हो गई। इस पर असम के मुख्यमंत्री ने एफआईआर के आदेश दिए।
जिस पर राहुल गांधी ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री जो कर रहे हैं, इससे यात्रा को फायदा हो रहा है।

वहीं, भाजपा ने भी राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। उधर, राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर बिहार के मंत्री तेजप्रताप यादव ने भाजपा सरकार को घेरा है। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
राहुल गांधी की रैली में विवाद
असम में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान विवाद हो गया। राहुल गांधी के समर्थकों और पुलिस के बीच हाथापाई हो गई। जिसके बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एफआईआर के आदेश दे दिए। इस पर राहुल गांधी ने असम सरकार और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इस राज्य के मुख्यमंत्री देश के सबसे भ्रष्ट हैं। यहां युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही। बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने आगे कहा कि असम सीएम जो भी कर रहे, उससे यात्रा को फायदा हो रहा है। असम में मुख्य मुद्दा यात्रा बन चुकी है।
भाजपा का राहुल को करारा जवाब
भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर खड़े हुए सियासी विवाद के बाद भाजपा ने राहुल गांधी पर हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जिन लोगों ने भगवान राम के निमंत्रण को इनकार किया, उनको जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने आगे कहा कि सोमवार का दिन विश्व के लिए ऐतिहासिक रहा। यह सिर्फ मां भारती के योग्य पुत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण संभव हो पाया।
राम मंदिर पर बिहार सरकार के मंत्री का बयान
अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भाजपा पर हमला बोलते हुए बिहार सरकार के मंत्री तेजप्रताप यादव ने कहा कि राम नहीं आ रहे हैं, चुनाव आ रहे हैं। श्रीराम तो पूर्व से ही हमारे मन, कण कण में विराजमान हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम, विष्णु जी के अवतार हैं। भगवान विष्णु के अंतिम अवतार "कल्कि अवतार" को कलियुग का अंत होने के बाद धर्म की पुनर्स्थापना के लिए आना बाक़ी है।
बालासाहेब ठाकरे का सपना हुआ पूरा: महाराष्ट्र CM
अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि जिन लोगों ने राम मंदिर का विरोध किया उनको राम नाम लेने का अधिकार नहीं। कल का दिन ऐतिहासिक रहा और पीएम मोदी ने बालासाहेब ठाकरे और करोड़ों राम भक्तों का सपना पूरा किया है।












Click it and Unblock the Notifications