Daily Political Update: ताबड़तोड़ चुनावी रैलियों में छाए 'एटम बम, संविधान', भाजपा कांग्रेस आमने-सामने
Daily Political Roundup: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वाराणसी लोकसभा सीट से नामांकन प्रक्रिया पूरी कर दी। पीएम मोदी तीसरी बार इस सीट से चुनाव लड़ने मैदान में उतरे हैं।
उधर, भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई दिग्गज नेताओं ने दुख व्यक्त किया।

वहीं, लोकसभा चुनाव को लेकर सभी दल ताबड़तोड़ रैलियों में एक दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
इससे बड़ा क्या सौभाग्य हो सकता है: पीएम मोदी
लोकसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि काशी में मां गंगा के चरणों में वंदन के साथ आज मेरे दिन का शुभारंभ हुआ। उनके दर्शन और पूजन से बड़ा सौभाग्य मेरे लिए और क्या हो सकता है। मां गंगा से मैंने अपने काशीवासियों के साथ ही देशभर के परिवारजनों के लिए सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की।
सुशील मोदी के निधन पर शोक
भाजपा के दिग्गज नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के निधन पर सियासी गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके असामयिक निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुःख जताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की। पीएम ने कहा कि बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्ष के नेताओं ने भी सुशील मोदी के निधन पर दुख जताया।
कांग्रेस सपा पर बरसे सीएम योगी
अमेठी में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा, "एक तरफ हमारी सरकार है जो गरीबों के लिए काम कर रही है और दूसरी तरफ सपा और कांग्रेस की सरकार है, जो भगवान राम का विरोध करते हैं और पाकिस्तान का समर्थन करते हैं। वे कहते हैं कि पाकिस्तान का विरोध मत करो, क्योंकि उनके पास एटम बम है। अगर उनके पास एटम बम है तो हमारे पास भी है।"
यह चुनाव संविधान को बचाने के लिए: राहुल
उत्तर प्रदेश के झांसी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान राहुल गांधी ने भाजपा पर करारा प्रहार किया। राहुल गांधी ने कहा, "यह लड़ाई, यह चुनाव संविधान को बचाने के लिए है। संविधान के बिना भारत के गरीब लोग कहीं के नहीं रहेंगे। जिस दिन यह संविधान चला जाएगा, तब अधिकार, आरक्षण, सार्वजनिक क्षेत्र सब खत्म हो जाएगा। इंडिया गठबंधन इस संविधान की रक्षा कर रहे हैं।"












Click it and Unblock the Notifications