Daily Political Update: 'संदेशखाली में TMC नेताओं ने क्या-क्या किया, यह सबने देखा', बंगाल में गरजे पीएम मोदी
Daily Political Roundup: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरुणाचल प्रदेश में सेला सुरंग का उद्घाटन किया। वहीं, पीएम मोदी ने असम को भी 17,500 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
इस दौरान पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधाा। उधर, भाजपा ने बिहार और उत्तर प्रदेश में विधान परिषद चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की।

वहीं, हरियाणा में भाजपा और जेजेपी के गठबंधन को लेकर JJP नेता दुष्यंत चौटाला ने बयान दिया है। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
ममता सरकार पर पीएम मोदी का हमला
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को अरुणाचल प्रदेश, असम और बंगाल दौरे पर रहे। पीएम मोदी ने करोड़ों की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। बंगाल के सिलीगुड़ी में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने ममता सरकार पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा, "TMC सरकार आपको कदम-कदम पर लूट रही है। हमारी सरकार मनरेगा की मजदूरी का पैसा दिल्ली से भेजती है, लेकिन TMC सरकार ने अपने तोलाबाजों को फायदा पहुंचाती है। टीएमसी ने यहां 25 लाख फर्जी जॉब कार्ड लोगों को बनाकर दे दिए। संदेशखाली में गरीब, दलित, आदिवासी बहनों के साथ TMC के नेताओं ने क्या-क्या किया है, इसकी चर्चा आज पूरे देश में हो रही है।"
एमएलसी चुनाव के लिए भाजपा की सूची
भाजपा ने बिहार और उत्तर प्रदेश में विधान परिषद चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। भाजपा ने बिहार में मंगल पांडे, डॉ. लाल मोहन गुप्ता और अनामिका सिंह को मैदान में उतारा है, जबकि उत्तर प्रदेश में विजय बहादुर पाठक, महेंद्र कुमार सिंह, मोहित बेनीवाल, अशोक कटारिया, धर्मेंद्र सिंह, रामतीरथ सिंघल और संतोष सिंह के साथ मैदान में है।
भाजपा और जेजेपी का होगा गठबंधन?
लोकसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने कमर कस ली है। इसी बीच हरियाणा में भाजपा और जेजेपी के बीच गठबंधन को लेकर जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला का बयान सामने आया है। उन्होंने शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "NDA की बैठक फैसला करेगी आज इसपर मैं कुछ नहीं कह सकता। अगर बैठक होगी ही नहीं तो उसके बाद निर्णय लिया जाएगा।"
आंध्र प्रदेश में TDP-BJP का गठबंधन
आंध्र प्रदेश में लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा, तेलुगु देशम पार्टी (TDP) और जनसेना पार्टी के बीच शनिवार को गठबंधन के लिए सहमति बन गई है। TDP सांसद कनकमेदाला रवींद्र कुमार ने भी बताया कि उनकी पार्टी NDA में शामिल हो रही है। बताया जा रहा है कि बीजेपी और जनसेना को 8 लोकसभा और 30 विधानसभा सीटें मिल सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications