Daily Political Update: 'कांग्रेस की सरकार 7 जन्म में भी नहीं बनने वाली...', महेंद्रगढ़ में गरजे PM मोदी
Daily Political Roundup: लोकसभा चुनाव को लेकर चुनावी रैलियों का दौर जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां हरियाणा के महेंद्रगढ़ में रैली की, तो वहीं गृह मंत्री अमित शाह यूपी में जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष को जमकर घेरा।
उधर, बसपा प्रमुख मायावती ने मिर्जापुर में चुनावी रैली को संबोधित किया और भाजपा पर करारा प्रहार किया। वहीं, आप सांसद स्वाति मालीवाल ने मारपीट मामले में कई खुलासे किए हैं। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...

विपक्ष पर बरसे शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 5 चरणों में पीएम मोदी ने 310 का आंकड़ा पार कर लिया है और 400 की ओर बढ़ रहे हैं। राहुल गांधी को 40 सीटें से ज्यादा नहीं मिल रही हैं। अखिलेश यादव भी 4 सीटों का लक्ष्य पार नहीं कर पाएंगे। अमित शाह ने कहा यह विपक्ष 'घमंडिया' गठबंधन बनाकर आगे बढ़ गया है। आज मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं। अगर आपको बहुमत मिलेगा तो कौन होगा आपके प्रधानमंत्री? क्या शरद पवार, लालू यादव या उद्धव ठाकरे प्रधानमंत्री बन सकते हैं? क्या राहुल गांधी प्रधानमंत्री बन सकते हैं?
देश में बेरोजगारी का आलम: प्रियंका गांधी
हरियाणा के सिरसा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा में बीजेपी के खिलाफ लहर है। लोग उनकी (बीजेपी) राजनीति से थक चुके हैं। देश में बेरोजगारी का आलम है, महंगाई से आम जनता परेशान है और युवा नौकरी के लिए चिंता में हैं। इसलिए बदलाव आएगा।
अल्पसंख्यकों पर अत्याचार चरम: मायावती
लोकसभा चुनाव को लेकर बसपा प्रमुख मायावती ने गुरुवार को मिर्जापुर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मायावती ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के तहत विशेष रूप से ब्राह्मणों को परेशान किया जा रहा है और ऊंची जाति के गरीब लोगों की स्थिति अच्छी नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में हिंदुत्व की आड़ में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार चरम पर है।
महेंद्रगढ़ में गरजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
हरियाणा के महेंद्रगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि इनकी सरकार 7 जन्म में भी नहीं बनने वाली है। कांग्रेस को दिया हर वोट बेकार होगा। पीएम ने कहा, 'गाय ने दूध दिया नहीं कि घी खाने के लिए इंडी गठबंधन वालों में झगड़ा शुरू हो गया है। ये कहते हैं पांच साल में पांच पीएम बनेंगे। पांच साल में पांच पीएम, हरियाणा वाले 5000 चुटकुले बना देंगे। इंडी गठबंधन के लोग घोर सांप्रदायिक हैं, घोर जातिवादी हैं, घोर परिवारवादी हैं।"
आप सांसद स्वाति मालीवाल का खुलासा
आप सांसद स्वाति मालीवाल ने मारपीट मामले में कई खुलासे किए हैं। एएनआई को दिए इंटरव्यू में मालीवाल ने भावुक होते हुए बताया कि उनको पार्टी से कोई समर्थन नहीं मिला। उन्होंने कहा, "जिन लोगों के साथ मैंने इतने साल काम किया, जब मुझे इतने बुरे दिन से पीटा गया, तो उन्हें मेरा साथ नहीं दिया, मुझे अकेला कर दिया।"












Click it and Unblock the Notifications