Daily Political Update: सदन से लेकर सड़क तक विपक्ष का हल्ला बोल... पढ़ें दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम
Daily Political Roundup: झारखंड को चंपई सोरेन के रूप में नया मुख्यमंत्री मिल गया। उन्होंने कहा कि सर्वांगिण विकास के लिए हेमंत सोरेन ने जो काम शुरु किए हैं, उसे हमें पूरा करना है।
उधर, बजट सत्र के तीसरे दिन सदन में विपक्षी नेताओं पर केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर काफी हंगामा हुआ। वहीं, भाजपा ने डीके सुरेश के बयान को लेकर कांग्रेस को काउंटर किया।

उधर, दिल्ली में भाजपा कार्यालय के बाहर चडीगढ़ मेयर चुनाव में धांधली के आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी ने विरोध प्रदर्शन किया। आइये जानते हैं दिनभर का राजनीतिक घटनाक्रम...
चंपई सोरेन बने झारखंड के नये सीएम
झारखंड के मुख्यमंत्री के तौर पर चंपई सोरेन की शुक्रवार को ताजपोशी हो गई। उनके साथ कांग्रेस नेता आलमगीर आलम और आरजेडी नेता ससत्यानंद भोक्ता ने भी मंत्री पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद चंपई सोरेन ने कहा कि यहां के सर्वांगिण विकास के लिए हेमंत सोरेन ने जो काम शुरु किए हैं, उसे हमें पूरा करना है। जनता के आशा, आकांक्षा के अनुरूप हम काम करेंगे। हमारी सरकार झारखंड के सभी वर्ग, समुदाय के लिए काम करेगी।
केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर हंगामा
बजट सत्र के तीसरे दिन विपक्ष ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विपक्षी नेताओं पर केंद्रीय जांच एजेंसियों द्वारा कार्रवाई को लेकर जमकर हंगामा किया। इसके बाद इंडिया गठबंधन ने लोकसभा से वॉक आउट कर दिया। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि आज हमारे नेताओं ने सदन और अध्यक्ष का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। झारखंड में चुनी हुई सरकार को गिराया जा रहा है। लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों को जेल भेजा जा रहा है। ये हमारी लोकतंत्र की परंपरा पर भाजपा का एक और प्रहार है।
डीके सुरेश के बयान पर बवाल
कांग्रेस नेता डीके सुरेश के अलग देश वाले बयान को लेकर सदन हंगामे की भेंट चढ़ गया। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि यह उनकी शपथ का उल्लंघन है। इस बयान के मामले को आचार समिति को भेजा जाए। कांग्रेस को कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कोई भी व्यक्ति, चाहे वह किसी भी पार्टी का हो, देश को तोड़ने की बात करेगा, उसे कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आप पार्टी का विरोध प्रदर्शन
चंडीगढ़ मेयर चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में भाजपा कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बीजेपी ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कैसे धोखाधड़ी की, यह देश देख रहा है। आज हमारे विधायकों, पार्षदों और पार्टी कार्यकर्ताओं को दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर हिरासत में लिया गया। क्या बीजेपी अरविंद केजरीवाल से इतनी डरी हुई है कि वे यह विरोध प्रदर्शन नहीं होने दे रहे हैं?












Click it and Unblock the Notifications