अब लोकल ट्रेन से यात्रा कर सकेंगे मुंबई के डब्बावाले और वाणिज्य दूतावास कर्मी
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई के डब्बावालों और विदेशी वाणिज्य दूतावासों और उच्च आयोगों के कर्मचारियों को लोकल ट्रेनों में यात्रा करने की अनुमति दे दी है। डब्बावालों को सरकार से यह छूट लॉकडाउन लागू होने के करीब साढ़े छह महीने बाद मिली है। इससे उन्हें कार्यालयों तक डब्बाबंद भोजन पहुंचाने में आसानी होगी। बता दें कि वर्तमान में, केवल आवश्यक सेवाओं में कार्यरत लोगों को उपनगरीय ट्रेनों में यात्रा करने की अनुमति है।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर ने कहा कि 30 सितंबर को महाराष्ट्र सरकार द्वारा जारी किए गए अनलॉक दिशा-निर्देशों के आधार पर डब्बावालों को लोकल ट्रेनों में यात्रा करने की अनुमति दी गई है। रेल मंत्रालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार, विदेशी वाणिज्य दूतावासों और उच्च आयोगों के कर्मचारियों को भी लोकल ट्रेनों में यात्रा करने की अनुमति दी गई है। उन्होंने कहा कि, ट्रेन में यात्रा करने वाले लोगों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवाजी सुतार ने कहा कि लोकल ट्रेन में यात्रा करने के लिए राज्य सरकार की ओर से जारी क्यूआर कोड वाले पहचान पत्र अनिवार्य होंगे लेकिन डब्बावालों ने अनुरोध किया है कि उन्हें उनके पहचान पत्र के आधार पर यात्रा करने की अनुमति दी जाए। मुंबई डब्बावाला संघ के प्रवक्ता सुभाष तालेकर ने कहा कि लोकल ट्रेन में यात्रा से जिंदगी दोबारा पटरी पर लौटेगी। कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर, महाराष्ट्र सरकार ने एक आदेश जारी किया था जिसमें सभी आवश्यक सेवा यात्रियों के लिए मुंबई में लोकल ट्रेनों से यात्रा करने में सक्षम होने के लिए क्यूआर कोड-आधारित पास अनिवार्य किया गया था।
मुंबई में खाने के डिब्बे पहुंचाने वाले दुनिया भर में मशहूर डब्बावालों ने पिछले महीने कहा था कि टिफिन सेवा के 130 साल के इतिहास में कभी भी छह महीने का अंतराल नहीं आया था। डब्बावालों ने पूरी क्षमता के साथ अपनी सेवा बहाल करने के वास्ते लोकल ट्रेन उपयोग करने की सुविधा दिए जाने की मांग की थी। मुंबई में पांच हजार से अधिक डब्बावाले टिफिन पहुंचाने का व्यवसाय करते हैं। महामारी फैलने से पहले सामान्य दिनों में वे कार्यालय जाने वाले लोगों तक दो लाख से अधिक टिफिन पहुंचाते थे। समय पर और कम लागत में टिफिन पहुंचाने के लिए डब्बावाले लोकल ट्रेन सेवा का सहारा लेते थे।












Click it and Unblock the Notifications