Cyclone Montha ने मचाई तबाही! आंध्र-तेलंगाना में कमजोर पड़ा तूफान, झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी
Cyclone Montha Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को बताया कि चक्रवात 'मोंथा' (Cyclone Montha), जिसने मंगलवार को तेलंगाना के तट से टकराया था, अब कमजोर होकर गहरे अवदाब (Deep Depression) में बदल गया है। हालांकि इसका असर अब भी आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा और झारखंड में देखा जा रहा है। इन राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग ने बताया कि "मोंथा" मंगलवार रात आंध्र प्रदेश के काकीनाडा के पास तट से टकराया, जिसके बाद यह उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ गया। बुधवार, 29 अक्टूबर सुबह 8:30 बजे यह सिस्टम भद्राचलम (तेलंगाना) से लगभग 50 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था।

झारखंड में बारिश का असर
विभाग के अनुसार, तूफान की रफ्तार पिछले छह घंटों में करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटा रही और अब यह धीरे-धीरे और कमजोर हो रहा है। आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले में मंगलवार को सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। वहीं, कोनसीमा जिले के माकनगुडेम गांव में तेज हवाओं से एक पाल्म के पेड़ के गिरने से महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से यातायात प्रभावित हुआ है।
"मोंथा" के कमजोर होने के बावजूद इसका असर अब झारखंड तक पहुंच गया है। बुधवार, 29 अक्टूबर को राजधानी रांची, गुमला, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, पलामू, खूंटी, लोहरदगा और सिमडेगा जिलों में सुबह से ही बारिश दर्ज की गई। IMD के अनुसार, झारखंड में अगले 24 घंटों तक रुक-रुककर बारिश जारी रहेगी। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और मौसम सुहावना हो गया है।
तेलंगाना और आंध्र के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
IMD ने बुधवार को तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि इन इलाकों में अगले 24 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। कृष्णा, खम्मम, पूर्वी गोदावरी, भद्राद्री, करीमनगर और नलगोंडा जिलों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
चक्रवात मोंथा का प्रभाव ओडिशा में भी देखने को मिला। मंगलवार रात से ही मलकानगिरी, कोरापुट, रायगड़ा, गजपति और गंजाम जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से सड़कें बंद हो गईं, जबकि गजपति जिले में एक व्यक्ति के घर गिरने से घायल होने की सूचना मिली है। मौसम विभाग ने ओडिशा के कटक, गंजाम, कंधमाल, कोरापुट, मयूरभंज और बालेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है।
चक्रवात मोंथा की तबाही
मंगलवार को माचिलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच तट पर आया था तूफान। पेड़ उखड़ने, सड़कों पर जलभराव, और फसलों के नुकसान की खबरें सामने आईं। आंध्र प्रदेश पुलिस ने बुधवार सुबह एनएच-16 को साफ किया, जहां विशाल पेड़ गिरने से ट्रैफिक जाम हो गया था। ओडिशा और झारखंड में भारी वर्षा और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे में "मोंथा" और कमजोर होकर दबाव (Depression) में तब्दील हो जाएगा। हालांकि, इसके चलते पूर्वी और मध्य भारत के राज्यों - आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ - में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications