Cyclone Fengal Top Updates: तमिलनाडु में आज चक्रवात आने की आशंका, चेन्नई समेत 18 जिलों में अलर्ट जारी
Cyclone Fengal Top updates: आज तमिलनाडु में चक्रवाती तूफान फेंगल के पहुंचने के आसार हैं और इसके कारण यहां पर भारी बारिश की आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग ने यहां पर ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है।
सबसे ज्यादा बारिश मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम और तिरुवरुर जिलों में हो सकती है और इस वजह से यहां स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं, प्रशासन की पूरी नजर इस तूफान पर बनी हुई है, उसने इससे निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।

जानिए इस तूफान से जुड़े अभी तक के 10 बड़े अपडेट्स
- भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव चक्रवात फेंगल का रूप ले चुका है और यह आज राज्य के तटीय इलाकों से टकरा सकता है।
- आईएमडी के मुताबिक पिछले तीन घंटों में यह सिस्टम 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ता हुआ देखा गया है।
- चेन्नई में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने मयिलादुथुराई, तिरुवरुर, नागापट्टिनम, चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, चेंगलपेट और कुड्डालोर जैसे 18 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका व्यक्त की है।
- अधिकारियों ने चेन्नई, चेंगलपेट, कुड्डालोर और मयिलादुथुराई जैसे क्षेत्रों में स्कूलों में छुट्टियों की घोषणा कर दी है।
- मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सचिवालय में उच्च-स्तरीय बैठक बुलाई, जिसमें एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 17 टीमों को तैनात करने का निर्देश दिया गया है।
- पुडुचेरी के कराईकल में भी भारी बारिश के कारण स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी घोषित की गई है।
- प्रशासन ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।
- चक्रवात 'फेंगल' के कारण तमिलनाडु और पुडुचेरी में 27 और 28 नवंबर को भीषण बारिश हो सकती है।
- चक्रवात के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका है, और पेड़ व बिजली के खंभे गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।
- इसके अलावा, निचले इलाकों में जलभराव की संभावना है, जिससे परिवहन सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। रेलवे और हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ने की संभावना जताई गई है।












Click it and Unblock the Notifications