Cyclone Dana ने बढ़ाई चिंता, ओडिशा में स्कूल बंद, 197 ट्रेनें रद्द, 14 जिलों में रेड अलर्ट
Dana Cyclone Update: बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौसम को लेकर महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल रहा है। दाना चक्रवात यहां गंभीर रूप लेता दिख रहा है। मंगलवार को ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों में चक्रवात दाना और भी रफ्तार पकड़ता दिख रहा है। यहां एक दबाव क्षेत्र बढ़कर गहरे दबाव क्षेत्र में बदल गया है।
ओडिशा के पारादीप से 690 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में यह दबाव देखने को मिल रहा है। इस क्षेत्र में मौसम के पैटर्न में अहम बदलाव दिखाई दे रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से यहां के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

तेजी से बढ़ रहा चक्रवात
यह गहरा दबाव, जो पहले बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य भाग में देखा गया था, धीरे-धीरे गति पकड़ रहा है। नवीनतम रिपोर्टों के अनुसार, यह न केवल ओडिशा के पारादीप के पास था, बल्कि पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप से 740 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और बांग्लादेश के खेपुपारा से 710 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में भी था। पिछले छह घंटों में, यह चक्रवात 7 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ रहा है।
6000 साइक्लोन सेंटर, 8647 गर्भवती महिलाएं भर्ती
दाना चक्रवात को देखते हुए 8647 गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। जबकि 51 आपदा प्रबंधन टीमों को तैनात किया गया है। 178 फायर की टीमों को भी इस चक्रवात को देखते हुए अलर्ट पर रखा गया है। साथ ही 6000 साइक्लोन शेल्टर तैयार किए गए हैं, जहां पर खाद्य सामग्री, दवा आदि की व्यवस्था की गई है। मौसम विभाग की ओर से 14 जिलों को रेड अलर्ट पर रखा गया है।
197 ट्रेनें रद्द
मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि 24 अक्तूबर की रात तक पश्चिम बंगाल और ओडिशा के सागर सागर द्वीप के बीच दाना चक्रवात टकरा सकता है। जिसे देखते हुए 23 से 26 अक्तूबर के बीच 197 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
बंगाल में भी अलर्ट
वहीं दाना चक्रवात को देखते हुए पश्चिम बंगाल के कोलकाता एयरपोर्ट पर भी अधिकारी सतर्क हैं और आपात स्थिति से निपटने की तैयारी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ओडिशा में पुरी पर गए प्रदेश के पर्यटकों से वापस लौटने की अपील की है।
शिक्षण संस्थान बंद
चक्रवात को देखते हुए छह जिलों भद्रक, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, पुरी, बालेश्वर और मयूरभंज में शीर्ष अधिकारियों की तैनाती की गई है। गंजम, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक, बालासोर, मयूरभंज, क्योंझर, ढेंकनाल, जाजपुर, अंगुल, नयागढ़, कटक और खुर्दा में सभी स्कूलों, शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया गया है।
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान
मौसम विभाग का कहना है कि यह चक्रवात पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ेगा और 23 अक्टूबर 2024 तक पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा। यह चक्रवात यहीं नहीं रुकेगा, यह 24 अक्टूबर की सुबह तक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने के साथ ही इसके और भी तीव्र चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान है।
24 अक्टूबर की रात टकराएगा
24 अक्टूबर की रात से 25 अक्टूबर की सुबह तक पुरी और सागर द्वीप के बीच, उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों पर तूफान के आने की उम्मीद है। इस समय, यह 100-110 किमी प्रति घंटे की हवा की गति तक पहुंच सकता है, जिसमें 120 किमी प्रति घंटे तक की हवाएं चल सकती हैं।
स्थानीय प्रशासन अलर्ट पर
इस चक्रवात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और अधिकारी अलर्ट पर हैं। चक्रवाती तूफान की अपेक्षित गंभीरता ने संभावित नुकसान को कम करने और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां की गई हैं।
जैसे-जैसे चक्रवात दाना करीब आ रहा है, वह स्थानीय लोगों की चिंता को बढ़ा रहा है। चक्रवात के ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों से टकराने की आशंका को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में आपातकालीन तैयारियां की जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications