घर बैठे खाना मंगाना पड़ता है महंगा, शख्स ने रेस्टोरेंट बिल के साथ Zomato से पूछा सवाल, जानिए क्या मिला जवाब?
Zomato Prices Compare News: आज के दौर में किसी भी चीज को आप घर बैठे ऑर्डर करके मंगा सकते हैं, लेकिन सुविधा के साथ-साथ लोग ये भूल जाते हैं कि वो चीजें उनको मार्केट की असली कीमत से महंगी पड़ती है, जिसका ताजा सबूत अब एक शख्स ने सोशल मीडिया पर साझा किया है।
ऐसे ही कई ग्राहक इस बात से अनजान हैं कि वे जो खाना ऑनलाइन ऑर्डर करते हैं, वह अक्सर बढ़ी हुई रेट पर बेचा जाता है। ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप ज़ोमैटो (Zomato) इसी बात को लेकर चर्चाओं में है। एक ग्राहक ने ज़ोमैटो लिस्टिंग के साथ एक रेस्टोरेंट में खाने-पीने के सामान की ऑफलाइन कीमतों की तुलना की एक्स पोस्ट की, जो अब वायरल हो गया है।

जोमैटो और स्विगी जैसे डिलीवरी प्लेटफॉर्म पर खाना रेस्टोरेंट की तुलना में काफी महंगा है। ये कंपनियां सर्विस और प्लेटफ़ॉर्म फीस शामिल करती हैं, जिसका नतीजा यह कि ऑफलाइन मेनू की तुलना में ऐप की कीमतें अधिक होती हैं।
ऑफलाइन बिल की जोमैटो से तुलना
एक ग्राहक ने रेस्टोरेंट में लंच करने के बाद बने खाने के बिल को शेयर किया और इसकी तुलना ऑनलाइन कीमतों से की। कीमतों में यह अंतर ज़्यादातर ग्राहकों और इंटरनेट यूजर्स को चौंका देगा। अभिषेक कोठारी नाम के ग्राहक ने सोशल मीडिया अकाउंट पर मुंबई के विले पार्ले में स्थित उडुपी2मुंबई रेस्टोरेंट में लंच करने के बाद का बिल शेयर किया।
अभिषेक ने रेस्टोरेंट में साउथ इंडियन खाना खाया, जिसके बाद 320 रुपए का बिल आया। उन्होंने बिल की तस्वीर शेयर की और खाने की कीमतों की तुलना जोमैटो से की। रेस्टोरेंट में 40 रुपए की इडली जोमैटो पर 120 रुपए में बिक रही थी। रेस्टोरेंट में 60 रुपये की थट्टे इडली जोमैटो पर 161 रुपए में बिक रही थी।
ऑनलाइन बिल पड़ता 740 रुपए
उन्होंने बिल में बताए गए सभी फूड की तुलना की, जिसके लिए उन्होंने 320 रुपए का भुगतान किया और कहा कि अगर उन्होंने यही खाना ऑनलाइन ऑर्डर किया होता तो बिल 740 रुपए होता। कोठारी ने यह भी दावा किया कि ऑनलाइन बिल, जो रेस्टोरेंट के बिल से दोगुना से भी ज़्यादा है, उसमें मेन्यू में चाय शामिल नहीं थी।
अभिषेक ने रेस्टोरेंट में थट्टे इडली, मेदु वड़ा, प्याज़ उत्तपम, उपमा और चाय खाई। अभिषेक ने कहा, "विले पार्ले में उडुपी2मुंबई नाम का एक रेस्टोरेंट है। नीचे मेरा बिल और ज़ोमैटो मेन्यू कार्ड का स्क्रीनशॉट है। अंतर: बिल में उपमा 40 रुपए का है; जोमैटो में 120 रुपए का है। थट्टे इडली 60 रुपए की है; ज़ोमैटो में 161 रुपए की है।"
उन्होंने आगे कहा, "अगर मैंने ज़ोमैटो से ऑर्डर किया होता, तो मुझे 740 रुपये (चाय की कीमत के बिना) देने पड़ते।" जोमैटो ने वायरल पोस्ट का ग्राहक को जवाब दिया। ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफ़ॉर्म ने कहा, "हाय अभिषेक, हमारे प्लेटफ़ॉर्म पर कीमतें पूरी तरह से हमारे रेस्टोरेंट पार्टनर द्वारा नियंत्रित की जाती हैं। फिर भी, हम आपकी चिंताओं और प्रतिक्रिया को उनके साथ साझा करेंगे।"
अभिषेक ने भी जोमैटो को जवाब दिया और कहा, "जरूर। जवाब के लिए धन्यवाद। मैं अपने माता-पिता के लिए कुछ जैन ऑर्डर करना चाहता था, इसलिए मैं रेस्तरां गया था। मैंने बिलिंग टेबल पर बैठे व्यक्ति से कीमतों में अंतर के बारे में बात की। उसने कहा जोमैटो हमें रेस्तरां के मेनू की कीमतों के अनुसार राशि देता है, इसीलिए उसने जोमैटो ऑर्डर सुबह 11 बजे के बाद, उसके पास ग्राहकों से सीधे ऑर्डर लेने के लिए कुछ डिलीवरी करने वाले लोग उपलब्ध रहते हैं। बस बिलिंग काउंटर पर बैठे व्यक्ति से मिली प्रतिक्रिया साझा कर रहा हूँ।"












Click it and Unblock the Notifications