कश्मीर हिंसा: श्रीनगर के कुछ इलाकों में दोबारा कर्फ्यू, अन्य जगहों पर धारा 144 लागू
श्रीनगर। कश्मीर घाटी में लगातार बीते 52 दिनों से चल रहा कर्फ्यू सोमवार को हटाया लिया गया। हालांकि श्रीनगर के बटमालू इलाके में झड़प के बाद दोपहर में दोबारा कर्फ्यू लगा दिया गया। इसके अलावा पुलवामा और श्रीनगर के कुछ अन्य हिस्सों को छोड़कर बाकी सभी इलाकों से कर्फ्यू हटा लिया गया है। हालांकि एहतियातन धारा 144 लागू रहेगी, जिसके तहत 10 या उससे अधिक लोगों के एक साथ जमा होने पर पाबंदी रहेगी।

राज्य में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच झड़पों में अब तक 70 से ज्यादा लोगों की जानें जा चुकी हैं। इस दौरान 11,000 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' में कश्मीर समस्या का जिक्र करते हुए कहा था कि इसके समाधान का मूल मंत्र एकता और ममता है। पीएम यह भी कहा कि अशांति के लिए बच्चों को उकसाने वालों को एक न एक दिन जवाब देना पड़ेगा।
मुफ्ती ने कहा- मुद्दा सुलझाने के लिए हो बातचीत
राज्य की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि जो भी हिंसा को खारिज करने और शांति बहाली में मदद के लिए तैयार है, उनसे कश्मीर मसले को सुलझाने के लिए बातचीत की जानी चाहिए।
बता दें कि 8 जुलाई को हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकवादी बुरहान वानी की पुलिस के साथ हुई एक मुठभेड़ में मौत हो गई थी, जिसके बाद से जगह-जगह हिंसा भड़क उठी थी। इसके बाद से ही कश्मीर घाटी में कर्फ्यू लगा दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications