तेलंगाना में आदिवासी महिला से रेप की कोशिश के बाद भारी बवाल, कर्फ्यू लगाया-इंटरनेट बंद
Telangana Tribal Woman: तेलंगाना के आसिफाबाद जिले में एक आदिवासी महिला के साथ बलात्कार के प्रयास के विरोध में एक समूह द्वारा प्रदर्शन किए जाने के बाद भारी तनाव फैल गया। जैनूर कस्बे में भीड़ ने दुकानों और घरों को जला दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
एक ऑटो-रिक्शा चालक द्वारा आदिवासी महिला से बलात्कार और हत्या के कथित प्रयास के खिलाफ आदिवासी समूहों का विरोध प्रदर्शन बुधवार को हिंसक हो उठा, जिसके कारण सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया। बताया जा रहा है कि 31 अगस्त को एक ऑटो चालक ने कथित तौर पर 45 वर्षीय आदिवासी महिला के साथ बलात्कार की कोशिश की।

कर्फ्यू लगाया-इंटरनेट बंद
सांप्रदायिक तनाव के बाद इलाके में कर्फ्यू लगाना पड़ा। जैनूर में जिला प्रशासन द्वारा 163 बीएनएसएस के तहत निषेधाज्ञा जारी की गई है और अफवाहों और फर्जी खबरों को फैलने से रोकने के लिए एहतियात के तौर पर इलाके में इंटरनेट पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाया गया है, अतिरिक्त बलों को तैनात किया गया है और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) को भी बुलाया जा रहा है। जैनूर शहर में आदिवासी संगठनों द्वारा बंद का आह्वान किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में आदिवासी शामिल हुए। कुछ उग्र युवकों ने दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को जला दिया और एक धार्मिक स्थल पर पथराव भी किया। स्थिति दो समुदायों के बीच संघर्ष में बदल गई।
शुरुआत में इस घटना को हिट-एंड-रन बताया गया, लेकिन 1 सितंबर को महिला के भाई द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और जांच शुरू हुई। पुलिस के अनुसार, घटना 31 अगस्त को हुई थी, जब महिला सड़क के किनारे बेसुध मिली।
बढ़ते तनाव के बीच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने ऑटो चालक शेख मुग्धम को बलात्कार और हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। गोंड समुदाय से ताल्लुक रखने वाली महिला को 2 सितंबर को होश आया और उसने अधिकारियों को अपनी आपबीती सुनाई।
उसने बताया कि वह जैनूर से अपनी मां के गांव जाने के लिए मुग्धम के ऑटो में सवार हुई थी। यात्रा के दौरान, उसने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट करने की कोशिश की। जब उसने विरोध किया और मदद के लिए चिल्लाई, तो उसने उस पर डंडे से हमला किया और उसे सड़क किनारे मरने के लिए छोड़ दिया।
जैनूर में हिंसा भड़की
इस घटना के कारण जैनूर कस्बे में व्यापक हिंसा भड़क उठी। गुस्साई भीड़ ने दुकानों और घरों में आग लगा दी, जिससे आसमान में धुंआ छा गया। स्थिति को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
महिला के बयान के बाद अधिकारियों ने मुग्धम के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया, जिसमें बलात्कार और हत्या के प्रयास के आरोप भी शामिल हैं। डीएसपी सदय्या पंथाती ने उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की और कहा कि उसे आगे की जांच के लिए आसिफाबाद लाया गया है। वहीं महिला को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे हैदराबाद के गांधी अस्पताल रेफर किया गया।












Click it and Unblock the Notifications