SPG सुरक्षा हटने के बाद सोनिया और राहुल की सुरक्षा का जिम्मा CRPF ने संभाला
नई दिल्ली। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका की सुरक्षा का जिम्मा सोमवार को संभाल लिया। प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि, इजरायली एक्स -95, एके सीरीज और एमपी -5 गन से लैस केंद्रीय अर्धसैनिक बल के कमांडो की टुकड़ी ने सोनिया गांधी के 10 जनपथ स्थित आवास को सुरक्षा देना शुरू कर दिया। बता दें कि, केन्द्र सरकार ने पिछले सप्ताह सोनिया, राहुल और प्रियंका की एसपीजी सुरक्षा को वापस ले लिया था।

अधिकारियों ने बताया कि नए सीआरपीएफ कवर में इन तीन वीवीआईपी के लिए एक उन्नत सुरक्षा संपर्क (एएसएल) कवायद का प्रावधान है, और इसके तहत कमांडो को उनके द्वारा दौरा किए जाने वाले स्थानों और क्षेत्र की पहले से जांच करने का अधिकार होगा। अधिकारियों ने बताया था कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के परिवार को दी गयी एसपीजी सुरक्षा वापस लेने का फैसला एक विस्तृत सुरक्षा आकलन के बाद लिया गया है। सोनिया, राहुल और प्रियंका से 28 साल बाद एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली गयी।
इस फैसले के साथ करीब 4,000 बल वाला एसजीपी अब केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में तैनात रहेगा। देश में नक्सल विरोधी अभियानों और आंतरिक सुरक्षा कार्यों के लिए एक प्रमुख बल सीआरपीएफ के पास लगभग 52 अन्य वीवीआईपी की सुरक्षा की जिम्मेदारी है।












Click it and Unblock the Notifications