विमानों में खराबी की खबरों को लेकर CPI सांसद ने सिंधिया को लिखा पत्र, की ये मांग
नई दिल्ली, 08 जुलाई। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के सांसद बिनॉय विश्वम ने नागरिक उड्यन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखा है। इस पत्र के जरिए उन्होंने पिछले कुछ हफ्तों के दौरान विमान सेवाओं के दौरान खराबी की खबरों और विमान सेवाओं के परिचालन के खराब सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर चिंता व्यक्त की है। पत्र के जरिए उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया से देश में एयरलाइन कंपनियों की व्यापक समीक्षा किए जाने की मांग की है।

सांसद बिनॉय विश्वम ने ज्योतिरादित्य सिंधिया लिखे पत्र में कहा है कि पिछले कुछ दिनों से विमानों में खराबी और इमरजेंसी लैंडिंग की समस्याएं आम हो गई हैं। पिछले कुछ दिनों के दौरान विमानों में खराबी के 20 से भी ज्यादा मामले आ चुके हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
सांसद बिनॉय विश्वम ने पत्र में इस बात का भी जिक्र किया है कि लगातार हो रही है तकनीकी खराबी के चलते कई यात्रियों की सफोकेशन से तबीयत भी खराब हो चुकी है। इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त करने लायक नहीं हैं। इस तरह की घटनाओं से लोगों में तनाव है और विमान से सफर करने को लेकर लोग अशंकित भी हैं।
वहीं, सीपीआई सासंद ने सिंधिया को भेजे अपने पत्र में यह भी लिखा है कि हमारे देश में महज 4 प्रतिशत लोग ही हवाई सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं। इस वक्त हवाई टिकट कंजम्पशन के मामले में हमारा देश अफ्रीकी देशों के समकक्ष खड़ा हैं। ऐसे में विमानों में हो रही इस तरह की घटनाएं चिंता पैदा करती है।
इसके अलावा सीपीआई सासंद ने पत्र में हवाई जहाज के ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण एयरलाइनों पर अतिरिक्त बोझ पड़ने की बात कही है। ऐसे में सुरक्षा में कमी को लेकर इस प्वाइंट की भी जांच करने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications