क्या ये कोरोना की तीसरी लहर के संकेत हैं? केरल में 10 दिन में 12000 से अधिक मामले
नई दिल्ली, जुलाई 08: हेल्थ एक्सपर्ट लगातार देश में तीसरी लहर के आने की आशंका जता रहे हैं। देश में जहां कोरोना के मामलों में कमी देखने को मिल रही है तो वहीं दूसरी ओर केरल में लगातार कोविड में मामलों में उछाल देखने को मिला है। केरल के सक्रिय केसों में पिछले 10 दिनों में लगभग 12,000 मामलों की वृद्धि हुई। केरल में सक्रिय केस 28 जून को 96,012 थे, जो 7 जुलाई को लगभग 1.08 लाख हो गए। इसके अलावा 5 जुलाई से सक्रिय केस में लगभग 7,300 मामलों की वृद्धि हुई है।

आंकड़ों के अनुसार, केरल में रिपोर्ट किए गए दैनिक मामले 28 जून से लगभग दोगुने हो गए हैं। राज्य में 28 जून को 8,063 नए मामले दर्ज किए गए, बुधवार को दैनिक मामले बढ़कर 15,600 हो गए। राज्य में पिछले 10 दिनों में 1.23 लाख के करीब मामले दर्ज किए हैं। इसी अवधि में 1.01 लाख से ज्यादा लोग ठीक भी हुए हैं। सरकारी आंकड़ों से पता चलता है कि 28 जून के बाद से राज्य में कम से कम 1,119 लोगों की मौत हो चुकी है।
केरल के कुल कोरोना वायरस के कुल मामले दो महीने से भी कम समय में दोगुने से अधिक हो गए हैं। 16 मई को राज्य में मरने वालों की संख्या 6,339 थी, जो 16 जून को बढ़कर 11,508 हो गई। वर्तमान में मृत्यु संख्या 14,108 है। कोरोनावायरस की पहली और दूसरी लहर के दौरान केरल देश के सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में से एक रहा है। जनवरी 2020 में देश में पहला कोरोना केस केरल में पता चला था।
इस बीच, भारत ने पिछले 10 दिनों में दैनिक और सक्रिय कोरोना वायरस मामलों में गिरावट दर्ज की है। 28 जून से 7 जुलाई के बीच देश के सक्रिय केस में 1.13 लाख से अधिक की गिरावट आई है, जबकि दैनिक मामले 46,148 से घटकर 43,733 हो गए हैं। पिछले 10 दिनों में देशभर में करीब 7,500 लोगों की मौत हो चुकी है। भारत में कुल कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 4.05 लाख हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications