Covid-19: कम हो रहा है कोरोना का असर? मुंबई में नए केस में एक-तिहाई से ज्यादा की गिरावट
नई दिल्ली- कोरोना संक्रमितों के नए मामलों के हिसाब से बुधवार का दिन देश के लिए अच्छा माना जा सकता है। क्योंकि, मध्य प्रदेश को छोड़कर देश के लगभग सभी हिस्सों में कोरोना के नए मामलों में काफी कमी दर्ज की गई। महाराष्ट्र और विशेष तौर पर मुंबई में तो एक-तिहाई से ज्यादा नए मामलों में कमी देखी गई है। दिल्ली में भी इसमें गिरावट दर्ज की गई है। राष्ट्रीय स्तर पर भी कम ही नए मामले सामने आए हैं। इस समय देश में कोरोना संक्रमितों के कुल मामले 12 हजार से ज्यादा हो चुके हैं और मरने वालों की तादाद भी 400 के पार जा पहुंची है। ऐसे में अगर नए मामलों में बुधवार को गिरावट देखी गई है तो कोरोना के खिलाफ जंग के लिए यह एक शुभ संकेत माने जा सकते हैं।
Recommended Video

मुंबई और महाराष्ट्र में नए केस में गिरावट
मुंबई और महाराष्ट्र के बुधवार के ट्रेंड कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में राहत की खबर दे रहे हैं। दोनों जगहों पर बुधवार को नए मामलों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली में भी बीते दिन पिछले कई हफ्तों के मुकाबले कम ही नए केस सामने आए थे। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या अब देश में कोरोना वायरस के प्रकोप के चरम स्तर पर पहुंचने के बाद उसका असर कम होने लगा है। ऐसा मानने के पीछे कारण ये है कि शुरू से मुंबई और दिल्ली कोविड-19 के मुख्य एपिसेंटर रहे हैं। अगर इन दोनों महानगरों में मामले नियंत्रिण हुए हैं तो कोरोना के खिलाफ जंग लड़ने वाले योद्धाओं का हौसला बढ़ने की उम्मीद है।

मुंबई में बुधवार को सिर्फ 35% नए केस
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 12 हजार के आंकड़े को पार कर चुकी है, जिनमें 2,916 मामले अकेले महाराष्ट्र के हैं। यानि देश का हर चौथा केस महाराष्ट्र के हैं। लेकिन, बुधवार को पूरे महाराष्ट्र और मुंबई से जो खबर आई है, वह बहुत ही राहत पहुंचाने वाली है। बुधवार को पूरे महाराष्ट्र में सिर्फ 34% नए मामले सामने आए। वहीं बात मुंबई की करें तो वहां महज 35% ही नए मामले देखने को मिले थे। मुंबई में बीते एक दिन में सिर्फ 140 ही नए मामले सामने आए और मात्र 2 मरीजों की ही इस बीमारी से मौत हुई। मुंबई में कोरोना के नए मामलों का ये आंकड़ा पिछले 11 दिनों में सबसे निचले स्तर पर है और यही कोरोना के खिलाफ जंग में जज्बा बढ़ाने वाली बात है। बुधवार को ऐसी है राहत भरी खबर दिल्ली और केरल से भी देखने को मिली।
दिल्ली में सिर्फ 17 नए मामले
बुधवार को दिल्ली में सिर्फ 17 नए मामले सामने आए जो कि इस महीने का सबसे कम आंकड़ा बताया जा रहा है। जब कि केरल में बुधवार को सिर्फ एक नया कोरोना संक्रमित का मामला सामने आया। इस वक्त देश में कोरोना संक्रमण के मामले में महाराष्ट्र टॉप पर है, लेकिन बुधवार को प्रदेश से कोरोना संक्रमण के सिर्फ 232 नए केस ही सामने आए, जो कि पहले के मुकाबले सिर्फ 34 फीसदी ही है। यह आंकड़ा पिछले 6 दिनों में सबसे कम रहा है। शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने भी ट्विट कर बताया है कि, 'महाराष्ट्र में नए केस में 34% और मुंबई में 35% ' की कल गिरावट दर्ज की गई। उम्मीद करती हूं कि यह ट्रेंड बरकरार रहेगा।'

देश भर में देखी गई गिरावट
बुधवार को गिरावट का यह असर लगभग पूरे देश में देखने को मिला। बुधवार को कुल 866 नए मामले सामने आए, जो कि मंगलवार के मुकाबले 25% कम बताया जा रहा है। बता दें कि गुरुवार सुबह तक की रिपोर्ट के मुताबिक देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 12,380 तक पहुंच चुकी है, जिनमें से 1489 लोग ठीक हो चुके हैं। लेकिन, 414 लोगों की इस जानलेवा बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। हालांकि, मध्य प्रदेश में बुघवार को कुल 197 नए मामले सामने आए जो एक चिंता का मामला है।












Click it and Unblock the Notifications