Covid-19: महत्वपूर्ण दवाओं के स्टॉक को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय ने DCGI को दिया ये निर्देश
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) को महत्वपूर्ण दवाओं के संबंध में सर्वे और मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, डीसीजीआई को दिए निर्देश में कहा गया है कि कोविड-19 से संबंधित आवश्यक और महत्वपूर्ण दवाओं की देश में कमी ना होने पाए।

इसके मद्देनजर, डीसीजीआई को समय-समय पर बाजार में सर्वे करने और घरेलू खुदरा बाजार में पर्याप्त मात्रा में दवाओं के स्टॉक और उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके पहले, स्वास्थ्य मंत्रालय ने कल बताया था कि लॉकडाउन बढ़ने के बाद से औसतन 6.2 दिन में कोरोना मामलों की संख्या देश में दोगुनी हो रही है, जो कि पहले तीन में दोगुनी होती है। इस तरह से लॉकडाउन बढ़ने के कारण वायरस के प्रसार में कुछ हद तक कमी आई है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार सुबह बताया कि देश में बीते 24 घंटों के भीतर कोरोना वायरस के 991 नए मामले सामने आए हैं और 43 लोगों की मौत हुई है। मंत्रालय के मुताबिक अब भारत में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढ़कर 14,378 हो गई है। इसमें 11,906 सक्रिय मामले हैं, 1992 लोग ठीक हो चुके हैं/ छुट्टी दे दी गई है और कुल 480 मौतें हुई हैं।
कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र, दिल्ली, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश से सामने आ रहे हैं। महाराष्ट्र में कुल 118 नए मामले सामने आए हैं और 7 मौतें भी रिपोर्ट की गई हैं। राज्य में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 3323 हो गई है, जबकि कुल मौत 201 दर्ज की गई हैं। दिल्ली में 67 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, यहां मामलों की कुल संख्या अब 1707 हो गई है, जबकि मरने वालों की कुल संख्या 42 है।












Click it and Unblock the Notifications