ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, कहा- 'देश जल रहा है, वो कपड़ों की बात कर रहे हैं'
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर निशाना साधा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि दंगों में शामिल लोगों को उनके कपड़ों से पहचाना जा सकता है। प्रधानमंत्री ने ये बात झारखंड में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कही थी। अब ममता बनर्जी ने कहा है, 'पूरा देश जल रहा है और वे लोग कपड़ों के बारे में बात कर रहे हैं, जो आपने पहन रखे हैं। क्या आप मुझे और मेरे कपड़े देखकर पहचान सकते हैं कि मैं कौन हूं?'
Recommended Video

क्या कहा था पीएम मोदी ने?
पीएम मोदी ने रविवार को झारखंड के दुमका में रैली को संबोधित करते हुए कहा था, 'आग लगाने वाले कैसे कपड़े पहने हैं, क्या बातें कर रहे हैं, यह देखकर कोई भी पता कर सकता है कि आखिर ये कौन लोग हैं।' नागरिकता संशोधन कानून के लागू होने के बाद से जारी हिंसा पर पीएम ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा था कि विपक्ष की हरकतों से यह साबित हो गया है कि इस विधेयक को पारित करना 'हजार प्रतिशत सही' था और आगजनी में शामिल लोगों की पहचान उनके कपड़ों से की जाए।

नागरिकता कानून के विरोध में ममता
अब ममता ने ये बात कोलकाता में विरोध प्रदर्शन के दौरान कही है। ये प्रदर्शन मंगलवार से नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के विरोध में हो रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा है कि वह पश्चिम बंगाल में एनआरसी और सीएए को लागू नहीं होने देंगी। हालांकि केंद्र पहले ही ये बात कह चुका है कि राज्यों के पास इस विषय में कोई विकल्प नहीं है।

क्या है कानून?
इस कानून के तहत तीन पड़ोसी देश (पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश) में रहने वाले गैर मुस्लिम समुदाय के लोग 6 साल तक भारत में रहने के बाद यहां की नागरिकता हासिल कर सकते हैं। हालांकि बिल में इन तीन देशों से आने वाले मुस्लिमों को शामिल नहीं किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications