'महंगा पेट्रोल और बढ़ते दाम, जनता को लूटे सरकार खुलेआम': राहुल गांधी
नई दिल्ली। भारत में पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर अब राजनीति शुरू हो गई है। कोरोना काल में मंगलवार को घरेलू बाजार में पेट्रोल की कीमतें बढ़ने को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में कहा, 'महँगा पेट्रोल और बढ़ते दाम, जनता को लूटे सरकार खुलेआम।' गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जारी है लेकिन भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आग लगी हुई है।
Recommended Video

राहुल गांधी ने केंद्र पर बोला हमला
कांग्रेस नेता राहुल गांधी कई मौकों पर पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साध चुके हैं। बता दें कि मंगलवार को भी पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी हुई है, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल प्रति लीटर 11 पैसे महंगा हो कर 81.73 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं, कोलकाता में पेट्रोल के दाम 83.24 रुपए, मुंबई में 88.39 रुपए और चेन्नई में 84.73 रुपए प्रति लीटर हो गई है।

पेट्रोल-डीजल के दाम में लगी आग
पेट्रोल के अलावा कोरोना संकट के बीच डीजल के दाम भी आसमान पर पहुंच गए हैं। दिल्ली में डीजल 73.56 रुपए प्रति लीटर है जबकि कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल में 77.06 रुपये, 80.11 रुपये और 78.86 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी केंद्र सरकार पर कोरोना संकट और रोजगार को लेकर भी लगातार निशाना साध रहे हैं। बीते दिनों कांग्रेस ने रोजगार के मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरने के लिए एक ऑनलाइन कैंपेन भी चलाया था।

राहुल गांधी का PM पर तंज
हाल ही में ट्विटर पर राहुल गांधी ने बिना नाम लिए पीएम मोदी पर निशाना साधा था। उन्होंने लिखा '1 नौकरी, 1000 बेरोजगार...क्या कर दिया देश का हाल'। इस ट्वीट के साथ राहुल गांधी ने एक न्यूज रिपोर्ट को शेयर किया है। ये कोई पहले मौका नहीं है, इससे पहले भी बेरोजगारी को लेकर राहुल मोदी सरकार पर निशाना साध चुके हैं। हाल ही में उन्होंने अपने एक ट्वीट में लिखा था कि 'पिछले 4 महीनों में करीब 2 करोड़ लोगों ने नौकरियां गंवाई हैं। 2 करोड़ परिवारों का भविष्य अंधकार में है। फेसबुक पर झूठी खबरें और नफरत फैलाने से बेरोजगारी और अर्थव्यवस्था के सर्वनाश का सत्य देश से नहीं छुप सकता।
यह भी पढ़ें: पिछले एक हफ्ते में टूटा कोरोना का रिकॉर्ड, दुनिया के 26 फीसदी संक्रमण के मामले अकेले भारत से












Click it and Unblock the Notifications