कोरोना वायरस: बढ़ते मामलों के बावजूद दिल्ली के हालात सामान्य, इन चीजों में तेजी से हुआ सुधार
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या भले ही बढ़ी हो, लेकिन वहां के हालात और व्यवस्थाओं में तेजी से सुधार हो रहा है। इस बीच कोरोना जांच को सरकार ने तीन गुना बढ़ा दिया है। साथ ही अतिरिक्त बेड की भी व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग ने कर ली है। पिछले एक महीने की बात करें तो दिल्ली के हालात में काफी बदलाव आया है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक पिछले दो हफ्ते दिल्ली के लिए काफी अहम रहे हैं। जिसके तहत सरकार ने रोजाना टेस्टिंग की संख्या तीन गुना बढ़ा दी, जबकि पहले सिर्फ 4500 के करीब ही टेस्ट हो पाते थे। इसके बावजूद भी रोजाना कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 3000 के आसपास ही रहता है। वहीं रिकवरी रेट में भी काफी सुधार हुआ है। 22 जून तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो दिल्ली में रिकवरी रेट 55 प्रतिशत है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर भी ये रेट 55 प्रतिशत ही था। मृत्युदर के मामले में भी दिल्ली के हालात काफी बेहतर हैं। पूरे देश में कोरोना की मृत्युदर 3 प्रतिशत के आसपास रहती है, जबकि राजधानी में भी मृत्युदर इतनी ही है। वहीं देश के कई राज्यों में तो मृत्युदर 6-7 प्रतिशत के आसपास है।
बेड की संख्या भी बढ़ी
लंबे वक्त से राजधानी दिल्ली में बेड की कमी की खबरें सामने आ रही थीं, लेकिन इस दिशा में केजरीवाल सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। जिसके तहत अब राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के मरीजों के लिए 12637 बेड मौजूद हैं। जिसमें से 51 प्रतिशत बेड अभी खाली हैं। पिछले एक हफ्ते के अंदर फ्री बेड की संख्या में 2913 की बढ़ोतरी भी हुई है। 10 मई से राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामलों में तेजी देखी गई, जिसके साथ ही लोगों की चिंता भी बढ़ गई थी, लेकिन मौजूदा वक्त के आंकड़ों पर नजर डाले तो हालात में काफी सुधार आया है।

ताजा आंकड़ों पर एक नजर (स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार)
- कुल मामले- 77240
- एक्टिव केस- 27657
- रिकवर- 47091
- मौतें- 2492












Click it and Unblock the Notifications