सबरीमाला मंदिर में दर्शनों के लिए कराना होगा कोरोना का RT-PCR टेस्ट, गाइडलाइन जारी
सबरीमाला मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की कोरोना वायरस नेगेटिव रिपोर्ट 48 घंटे से पुरानी नहीं होनी चाहिए।
नई दिल्ली। RT PCS test mandatory for Sabarimala. केरल में आज यानी 26 दिसंबर से सबरीमाला मंदिर में दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को कोरोना वायरस का आरटी-पीसीआर टेस्ट कराना अनिवार्य होगा। कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए केरल हाईकोर्ट और राज्य सरकार ने निर्देश दिए हैं कि सबरीमाला मंदिर में भगवान अयप्पा के दर्शन से पहले हर श्रद्धालु को कोरोना वायरस के आरटी-पीसीआर टेस्ट की नेगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी। वहीं, सबरीमाला मंदिर की व्यवस्था संभालने वाले त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड ने भी कहा है कि मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की कोरोना वायरस नेगेटिव रिपोर्ट 48 घंटे से पुरानी नहीं होनी चाहिए।

इस बारे में जानकारी देते हुए त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड के अध्यक्ष एन वासु ने बताया, 'मंदिर की तरफ से निर्देश जारी करते हुए बता दिया गया है कि भगवान अयप्पा के दर्शनों के लिए 48 घंटों के भीतर कराए गए कोरोना वायरस के आरटी-पीसीआर टेस्ट की नेगेटिव रिपोर्ट साथ लाना जरूरी होगा। अगर किसी श्रद्धालु के पास नेगेटिव रिपोर्ट नहीं होगी, तो उसे मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी।' गौरतलब है कि हाल ही में केरल हाईकोर्ट ने सबरीमाला मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या प्रतिदिन 5000 तय की है।
केरल में कोरोना वायरस का पॉजिटिविटी रेट 11.4 फीसदी
त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड के मुताबिक, 26 दिसंबर को मंडला पूजा के बाद सबरीमाला मंदिर को बंद कर दिया जाएगा और इसके बाद 31 दिसंबर को मकरविलक्कु पूजा के लिए फिर से खोला जाएगा। कोरोना वायरस महामारी के बाद सबरीमाला मंदिर में यह तीर्थयात्रा का पहला वार्षिक सीजन है। आपको बता दें कि शुक्रवार को केरल में कोरोना वायरस के 5 हजार से ज्यादा मामले सामने आए, जिनमें 46 स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं। इस दौरान 16 मरीजों की मौत कोरोना वायरस के कारण हुई और मृतकों की संख्या 2930 पर पहुंच गई। केरल में इस समय कोरोना वायरस का पॉजिटिविटी रेट 11.4 फीसदी है।












Click it and Unblock the Notifications