Coronavirus: मास्क को लेकर WHO का नया सुझाव, बताया- किस जगह पर ज्यादा है रिस्क
Coronavirus Omicron Variant: कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन का नया सब-वैरिएंट चीन के बाद अब दूसरे देशों में लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है, जिसके बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मास्क को लेकर एक नया सुझाव दिया है।

Coronavirus update: चीन के बाद अमेरिका सहित कई देशों में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि लोगों को लंबी दूरी की हवाई यात्रा करते समय मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए। यूरोप में विश्व स्वास्थ्य संगठन के सीनियर इमरजेंसी ऑफिसर कैथरीन स्मॉलवुड ने कहा कि सभी देशों को अपने नागरिकों के लिए ये एडवाइजरी जारी करनी चाहिए कि लंबी दूरी की उड़ानों में फेस मास्क जरूर लगाएं, क्योंकि ऐसी यात्राओं में कोरोना वायरस से संक्रमित होने का खतरा ज्यादा है।

'बचाव के लिए कदम उठाएं देश'
आपको बता दें कि अमेरिका सहित कई देशों में नए ओमिक्रॉन सब-वैरिएंट एक्सबीबी.1.5 के मामले तेजी से बढ़े हैं। कैथरीन स्मॉलवुड ने कहा, 'जिन देशों में फिलहाल कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं, वहां से आने वाले यात्रियों के लिए मास्क लगाना, संक्रमण से बचाव के लिए बहुत जरूरी है। देशों को ये देखना होगा कि उनके यात्रियों के लिए उड़ान से पहले कोविड टेस्ट कितना जरूरी है। और, अगर जरूरत पड़े तो यात्रा संबंधी नियम भी लागू करने चाहिए।'

अमेरिका में 27.6 फीसदी केस एक्सबीबी.1.5 के
अमेरिका के स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, 'रविवार तक अमेरिका में कोरोना वायरस के जितने मामले दर्ज किए गए, उनमें से 27.6 फीसदी मामलों के लिए नया ओमिक्रॉन सब-वैरिएंट एक्सबीबी.1.5 ही जिम्मेदार है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अधिकारियों ने बताया कि हालांकि यूरोप में मरीजों की छोटी संख्या में इस सब-वैरिएंट का पता चला है, लेकिन ये संख्या लगातार बढ़ रही है।

चीन में नई कोविड लहर के बाद सतर्क हुए देश
हाल ही में चीन में कोरोना वायरस की नई लहर के बाद दुनियाभर के देशों में इस नए सब-वैरिएंट को लेकर चिंता बढ़ी है। अमेरिका, ब्रिटेन और फांस सहित कई देशों ने एयरपोर्ट पर कोविड टेस्टिंग के नियमों को लेकर सख्ती बढ़ाई है। साथ ही चीन से आने वाले यात्रियों के लिए कोविड टेस्ट भी अनिवार्य किया है।












Click it and Unblock the Notifications