कनिका कपूर के खिलाफ दर्ज FIR में दावा- एयरपोर्ट पर ही कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई थीं
नई दिल्ली। बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर का COVID-19 टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मच गया है। लंदन से वापस आने के बाद कनिका कपूर ने खुद को आइसोलेट नहीं किया था और वह पार्टियों में शिरकत करती रहीं। उनकी पार्टी में यूपी सरकार के मंत्री से लेकर अधिकारी और कई राजनीतिक दलों के नेता शामिल हुए थे, जो इस बात से अनभिज्ञ थे। कनिका कपूर की इस लापरवाही के बाद यूपी सरकार ने कनिका कपूर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उनके खिलाफ लखनऊ में एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें ये दावा किया गया है कि वह एयरपोर्ट पर ही पॉजिटिव पाई गई थीं।

एयरपोर्ट पर ही कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई थीं, दावा
लखनऊ मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद कनिका कपूर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीएमओ ने कनिका के खिलाफ आईपीसी की धारा 188, 269, 270 में एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें कहा गया है कि वह जब लखनऊ आईं तो एयरपोर्ट पर ही कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई थीं। इसमें कनिका के 14 मार्च को लखनऊ आने की तारीख लिखी गई है जबकि वह 11 मार्च को आई थीं। वहीं, एफआईआर में गड़बड़ी सामने आने पर कमिश्नर सुजीत पांडेय की तरफ से कहा गया कि जो भी गड़बड़ियां हैं उन्हें ठीक किया जाएगा।

कई पार्टियों में शामिल हुई थीं कनिका
कनिका के खिलाफ आईपीसी की धारा 188,269,270 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। कनिका लखनऊ में कई पार्टियों में हिस्सा लेने पहुंची थीं, जिसके बाद तकरीबन 300-400 लोगों पर इस संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। हालांकि कनिका कपूर ने दावा किया था कि वह सिर्फ 10-30 लोगों से मिली हैं। वहीं, कनिका का कहना था कि स्क्रीनिंग हुई थी लेकिन आइसोलेशन की सलाह नहीं दी गई थी। जानकारी के मुताबिक, कनिका लखनऊ में तीन पार्टियों में शामिल हुईं थीं। वह ताज होटल भी एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंची थीं, फिलहाल ताज होटल को बंद करने का आदेश दे दिया गया है।

कई नेता सेल्फ आइसोलेशन में
लखनऊ में एक वरिष्ठ नेता के घर पर पार्टी का आयोजन किया गया था, जिसमे कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। इस पार्टी में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह, उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद, आदेश सेठ सहित कई अन्य नेता और बड़े नाम शामिल थे। कनिका का सैंपल पॉजिटिव आने के बाद जय प्रताप सिंह ने खुद को आइसोलेशन में रखा है। जबकि जय प्रताप सिंह के संपर्क में आने वाले अन्य नेता और सांसद भी सेल्फ आइसोलेशन में हैं।












Click it and Unblock the Notifications