कोरोना वायरस: स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों से कहा- त्योहारों पर भीड़ रोकने के लिए उठाएं जरूरी कदम
कोरोना वायरस: स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों से कहा- त्योहारों पर भीड़ रोकने के लिए उठाएं जरूरी कदम
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में हाल के दिनों में आई तेजी को देखते हुए केंद्र ने राज्यों से एहतियाती कदम उठाने को कहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की एडिशनल सेक्रेटरी आरती आहूजा ने बुधवार को सभी राज्यों के मुख्य सचिवों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रशासकों को इसको लेकर चिट्ठी लिखी है। इसमें उन्होंने कहा है कि आने वाले समय में लगातार त्योहार हैं। त्योहारों पर जिस तरह से लोग इकट्ठा होते हैं, उसको देखते हुए ये कोरोना के तेजी से फैलने की वजह बन सकते हैं। ऐसे में त्योहारों पर भीड़ रोकने के लिए कदम उठाएं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की एडिशनल सेक्रेटरी ने राज्यों से कहा है कि होली, बीहू, शबेबारात, ईस्टर और ईद जैसे आने वाले त्योहारों पर भीड़ रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। जिससे ज्यादा लोग एक जगह इकट्ठा ना हों।
हाल ही में केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने सभी राज्यों को पत्र लिखकर कोरोना रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा है कि होली और दूसरे त्योहारों को देखते हुए कोरोना रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। खासतौर से मास्क पहनने और शारीरिक दूरी बनाए रखने जैसी सावधानियों पर जोर दिया जाए।
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों ने कई तरह की पाबंदिया लागू भी कर दी हैं। इकट्ठा होकर होली समारोह खेलने पर भी ज्यादा राज्यों में रोक जारी कर दी गई है। महाराष्ट्र के कुछ जिलों में तो लॉकडाउन का भी ऐलान किया गया है।
Recommended Video
कोरोना के रफ्तार पकड़ने से बढ़ी चिंता
भारत में पिछले कुछ दिनों में कोरोना के मामलों में जबरदस्त उछाल आया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताय कि पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना के 47, 262 नए मामले सामने आए हैं और 275 लोगों की मौत हुई है। जिसके बाद देश में कोरोना के एक्टिव मामले अब चार लाख के करीब पहुंच गए हैं। इसको लेकर लोगों में चिंता है तो सरकारें भी फिक्र में दिख रही हैं।


Click it and Unblock the Notifications
