कोरोना से लिया सबक, अब महामारी प्रबंधन भी MBBS पाठ्यक्रम में होगा शामिल
नई दिल्ली: चीन के वुहान से शुरू हुए कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले लिया है, यहां अब 2.45 करोड़ से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। ये महामारी अभी 8 महीने पहले ही सामने आई और तेजी से फैली। पिछले 100 सालों में दुनिया ने ऐसी महामारी का सामना नहीं किया था। अब भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिस वजह से एमबीबीएस के पाठ्यक्रम में पैंडमिक मैनेजमेंट को भी शामिल किया जाएगा।

मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (MCI) के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (BoG) के मुताबिक मेडिकल के छात्र अब भारत के शीर्ष चिकित्सा शिक्षा नियामक के साथ एमबीबीएस कोर्स में महामारी प्रबंधन (पैंडमिक मैनेजमेंट) के बारे में भी जानेंगे, ताकी अगर फिर से कोविड-19 जैसी स्थिति उत्पन्न हो, तो उससे बेहतर तरीके से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि ये उम्मीद की जाती है कि एमबीबीएस पाठ्यक्रम में महामारी प्रबंधन का हिस्सा शामिल करने से ऐसे डॉक्टर्स समाज को मिलेंगे, जो मुश्किल वक्त में मानवता की सेवा करेंगे।
बीओजी के अध्यक्ष डॉ. वी. के. पॉल के मुताबिक जो कोर्स डिजाइन किया गया है, वो काफी अहम है। इससे डॉक्टर महामारी के वक्त मरीजों का इलाज तो करेंगे ही, साथ ही रोग के प्रकोप से उत्पन्न होने वाले सामाजिक, कानूनी और अन्य मुद्दों का भी समाधान कर सकेंगे। भारतीय चिकित्सा परिषद ने विशेषज्ञों के साथ मिलकर महामारी प्रबंधन का मॉड्यूल तैयार किया है। आपको बता दें कि कोरोना की चपेट में बड़ी संख्या में डॉक्टर्स भी आए हैं। IMA की एक रिपोर्ट के मुताबिक 8 अगस्त तक देश में 196 डॉक्टर्स की मौत कोरोना की वजह से हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications