देश में पिछले 8 दिनों में 6 गुना बढ़े कोरोना के केस, दुनियाभर में रोजाना का आंकड़ा 25 लाख के पार
नई दिल्ली, 5 जनवरी: पूरी दुनिया में कोरोना वायरस का कहर फिर से बढ़ता जा रहा है। 4 जनवरी को वैश्विक स्तर पर 25.2 लाख मामले दर्ज किए गए, जो महामारी की शुरुआत के बाद से अब तक के सबसे अधिक मामले हैं। हालांकि पिछले एक हफ्ते में 65 प्रतिशत मामले संयुक्त राज्य अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, इटली और स्पेन से सामने आए। भारत में भी ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ता जा रहा है, जहां पिछले 8 दिनों में मामलों में 6.3 गुना से ज्यादा की वृद्धि हुई। वहीं पॉजिटिव रेट अब 5.03 प्रतिशत हो गया है, जो पहले 0.79 प्रतिशत था।
Recommended Video

बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि अभी महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, झारखंड, गुजरात में चिंताजनक स्थिति है। वहां पर मामले तेजी से बढ़ रहे। देश के 28 जिलों में हफ्ते की पॉजिटिविटी रिपोर्ट 10% से ज्यादा है। हालांकि टीकाकरण अभियान तेजी से जारी है। हाल ही में 15-18 आयुवर्ग के लिए भी टीकाकरण शुरू हुआ, इससे 7.40 करोड़ बच्चों को लाभ मिलेगा।
वहीं आईसीएमआर के डीजी डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि ओमिक्रॉन का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में इसे रोकने के लिए सामूहिक जगहों पर भीड़ इकट्ठा करने से बचना चाहिए। दुनियाभर में अभी तक ओमिक्रॉन से 108 मौतें हुई हैं। उन्होंने कहा कि ऑमिक्रॉन डिटेक्टिंग आरटी-पीसीआर किट को टाटा एमडी और आईसीएमआर के साथ साझेदारी में विकसित किया गया है। इसे डीसीजीआई ने मंजूरी दे दी है, जिससे 4 घंटे में रिजल्ट आएगा।
प्रीकॉशन डोज पर कही ये बात
वहीं स्वास्थ्य कर्मियों और गंभीर बीमार से ग्रसित बुजुर्गों को प्रीकॉशन डोज भी दी जाएगी। इस पर डॉ. भार्गव ने कहा कि प्रीकॉशन डोज में वही वैक्सीन दी जाएगी, जो पहले दी गई थी। उदाहरण के तौर पर किसी ने कोवैक्सीन की दो डोज ली है, तो उसे कोवैक्सीन ही प्रीकॉशन डोज के तौर पर दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications