राष्ट्रपति चुनाव पर ममता बनर्जी की बुलाई बैठक में शामिल होगी कांग्रेस, तीन सीनियर नेता लेंगे हिस्सा
नई दिल्ली, 14 जून: राष्ट्रपति चुनाव पर चर्चा के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी की ओर से बुलाई गई विपक्ष की बैठक में कांग्रेस भी हिस्सा लेगी। ममता बनर्जी ने 15 जून को दोपहर 3 बजे दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में ये मीटिंग बुलाई है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि कांग्रेस की ओर से तीन सीनियर नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, जयराम रमेश और रणदीप सिंह सुरजेवाला इस बैठक में भाग लेंगे।

बताया जा रहा है कि विपक्षी नेताओं की बैठक में एनसीपी चीफ शरद पवार भी मौजूद रहेंगे। शरद पवार को विपक्ष की ओर से अगले महीने वाले राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा है। बैठक में शरद पवार के सामने उनको संयुक्त विपक्ष का उम्मीदवार बनाए जाने का प्रस्ताव रखा जा सकता है।
22 विपक्षी नेताओं को बुलाया गया है बैठक में
ममता बनर्जी ने 11 जून को आगामी राष्ट्रपति चुनाव पर चर्चा के लिए 22 विपक्षी नेताओं को पत्र लिखकर उनसे 15 जून को दिल्ली में होने वाली इस बैठक में शामिल होने की दरख्वास्त की है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, गैर एनडीए दलों के मुख्यमंत्रियों और विपक्ष के सभी बड़े नेताओं को ममता बनर्जी ने इस बैठक के लिए न्योता दिया है। टीएमसी की ओर से कहा गया है कि इस बैठक में आगामी राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष की एक संयुक्त रणनीति तैयार करने पर बात होगी।
अगले महीने होने हैं राष्ट्रपति चुनाव
देश के अगले राष्ट्रपति के लिए चुनाव 18 जुलाई को होगा और 21 जुलाई को नतीजों का ऐलान किया जाएगा। भारत के मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को पूरा हो रहा है। राष्ट्रपति चुनाव के लिए 15 जून को अधिसूचना जारी होगी। 29 जून तक इसके लिए नामांकन किए जा सकेंगे। इसके बाद 18 जुलाई को वोटिंग होगी।












Click it and Unblock the Notifications