भारत जोड़ो यात्रा के बाद गुजरात से हिमाचल यात्रा की तैयारी में कांग्रेस
कोल्लम, 16 सितंबर। कांग्रेस इस वक्त भारत जोड़ो यात्रा चला रही है। पार्टी कन्याकुमारी से लेकर जम्मू कश्मीर तक यह यात्रा चला रही है। इस बीच कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि अगर राहुल गांधी की अगुवाई में भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर के बीच सफल रहती है तो पार्टी एक और यात्रा गुजरात से अरुणाचल प्रदेश के बीच निकालेगी। बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के शुरू हुए आठ दिन हो गए हैं। राहुल गांधी ने पिछले शनिवार को इस यात्रा की शुरुआत की थी। हालांकि जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा हिमाचल और गुजरात में चुनाव से जुड़ी नहीं है।

कोल्लम में जयराम रमेश ने कहा कि हम 150 दिन में 3100 किलोमीटर का सफर दूसरे चरण में पूरा करेंगे, यह किसी भी राजनीतिक दल द्वारा दुनिया में यह सबसे बड़ा मार्च है। इससे पहले चीन के नेता माओ जेदॉन्ग ने इस तरह की यात्रा निकाली थी, जिसे लॉन्ग मार्च के नाम से जाना जाता है। अगर कन्याकुमारी से कश्मीर के बीच की यात्रा सफल रहती है तो हम गुजरात और अरुणाचल के बीच भी यात्रा निकालेंगे।
वहीं कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर सवाल खड़ा करते हुए केरल के मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन ने कहा कि भारत जोड़ो या सीट जोड़ो, केरल में 18 दिन और यूपी में सिर्फ 2 दिन। भाजपा-आरएसएस के खिलाफ लड़ने का अजीबों-गरीब तरीका है। केरल एकमात्र राज्य है जहां पर लेफ्ट की सरकार है। पश्चिम बंगाल के चुनाव में सीपीएम ने कांग्रेस के साथ गठबंधन किया था। लेकिन केरल में लेफ्ट को सीधी चुनौती कांग्रेस से है।
बता दें कि 15 सितंबर को एक दिन के ब्रेक के बाद भारत जोड़ो यात्रा फिर से शुरू हुई है। यात्रा के सातवे दिन राहुल गांधी ने कोल्लम में छात्रों से मुलाकात की। कांग्रेस ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का पहला हफ्ता पूरा होने पर काफी लंबा सफर तय किया, लोगों के दिलों को छुआ, हमारा लक्ष्य साफ है, हमारा परिवार और मजबूत हुआ है। यह सच की ताकत है। हमारी एकजुटता की ताकत है।












Click it and Unblock the Notifications