पीएम मोदी के किन बयानों को 'गलत' बता रही है कांग्रेस? स्पीकर से निर्देश 115 के तहत कार्रवाई की मांग
कांग्रेस पार्टी ने भाजपा के खिलाफ नया मोर्चा खोल दिया है। पार्टी सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को चिट्ठी लिखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर पर सदन में 'गलत बयानी' का आरोप लगाया है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि टैगोर ने स्पीकर को लिखी चिट्ठी लिखकर दोनों पर कथित रूप से 'तथ्यात्मक रूप से गलत, त्रुटिपूर्ण और गुमराह करने वाले बयान' देने का आरोप लगाया है और उचित कार्रवाई की मांग की है।

निर्देश 115(1) के प्रावधान लागू करने का अनुरोध
स्पीकर को लिखी चिट्ठी में कांग्रेस एमपी ने पीएम मोदी और ठाकुर के बयानों के लिए निर्देश 115(1) के प्रावधान लागू करने का अनुरोध किया है। इससे पहले नई दिल्ली से बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सदन में 'झूठे' बयानों को लेकर स्पीकर को ऐसी ही चिट्ठी लिखी है।
पीएम मोदी के किन बयानों को 'गलत' बता रही है कांग्रेस?
तमिलनाडु के विरुधुनगर से कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया है कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि कांग्रेस ने महिलाओं को हर महीने 8,500 रुपए देने का 'झूठा वादा' किया। जबकि, उनके मुताबिक कांग्रेस पार्टी का वादा चुनाव जीतने और सरकार बनने पर आधारित था।
कांग्रेस का वोट शेयर घटने के दावों पर भी आपत्ति
उन्होंने पीएम मोदी के इस दावे को भी चुनौती दी है कि जिन 16 राज्यों में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ी, वहां उसका वोट शेयर कम हो गया है। टैगोर की चिट्ठी के अनुसार, 'यह तथ्यात्मक रूप से गलत है। कांग्रेस का वोट शेयर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, कर्नाटक, तेलंगाना आदि में बढ़ा है।'
बुलेट प्रूफ जैकेट वाले बयान को लेकर भी कांग्रेस को शिकायत
टैगोर का कहना है कि कांग्रेस के कार्यकाल में सेना के पास बुलेट प्रूफ जैकेट नहीं थे, यह कहना भी 'बहुत ज्यादा गुमराह करने वाला' है। उनके मुताबिक, 'जैकेट की कमी थी, लेकिन ऐसा नहीं था कि जैकेट नहीं थी। यहां तक कि पुलिस के पास भी बुलेट प्रूफ जैकेट थे, जैसे कि मुंबई हमले में।'
अनुराग ठाकुर के खिलाफ भी कांग्रेस ने की स्पीकर से शिकायत
इसी तरह से कांग्रेस नेता ने अनुराग ठाकुर के 1 जुलाई के लोकसभा वाले बयानों में भी कथित 'गलतियां' बताई हैं। उनका दावा है कि ठाकुर ने कहा था कि कांग्रेस के शासनकाल में सेना को हथियार और फाइटर जेट नहीं दिए गए। उन्होंने कहा, 'हमारे पास जगुआर, मिग 29, एसयू-30, मिराज 2000 थे। हमारे पास परमाणु बम, अग्नि, पृथ्वी, आकाश, नाग, त्रिशूल और बाद में ब्रह्मोस जैसी मिसाइलें थीं....'
प्रधानमंत्री ने एक भी छुट्टी नहीं ली, कांग्रेस को यह दावा गलत लगता है
टैगोर का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक भी छुट्टी नहीं ली है, अनुराग ठाकुर का यह कथित दावा भी 'तथ्यात्मक रूप से गलत' है। उन्होंने पूछा है कि चुनाव अभियान के लिए किस श्रेणी की छुट्टी ली गई।
दरअसल, राहुल गांधी ने नेता प्रतिपक्ष के तौर पर लोकसभा में जो पहला भाषण दिया है, उसको लेकर कई तरह से सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने अग्निवीरों को शहादत मिलने पर मुआवजा नहीं मिलने का दावा किया था। इसका रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तत्काल खंडन किया।
राहुल बाहर निकलकर भी एक्स पोस्ट के माध्यम से अपने दावे को जायज ठहराने की कोशिश करते रहे, लेकिन बाद में सेना और शहीद अग्निवीरों के परिजनों ने ही उनके दावों की पोल खोलकर रख दी कि एक करोड़ या उससे भी अधिक मुआवजे दिए गए हैं। इसके बाद ही कांग्रेस ने इस तरह से पलटवार करने की कोशिश की है।












Click it and Unblock the Notifications