2024 के चुनाव की कांग्रेस ने शुरू की तैयारी, 2019 में जिस राज्य में खाता नहीं खुला, पहले उसी पर फोकस
कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनावों की तैयारी गुजरात से ही शुरू कर दी है। पार्टी ने यहां अपने संगठन की मौजूदा शक्ति का आकलन करने और उसे फिर से मजबूत बनाने के लिए राज्य की सभी 26 लोकसभा सीटों के लिए नेताओं की टीमें बनाई हैं।
मंगलवार को कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने जानकारी दी है कि पार्टी ने गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटों के लिए नेताओं की टीमें गठित की हैं। 2019 के लोकसभा चुनावों में गुजरात में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था और सारी सीटें बीजेपी जीत गई थी।

गुजरात में कांग्रेस ने 2024 के लिए शुरू की तैयारी
गुजरात कांग्रेस के लिए हमेशा से चुनौती वाला राज्य रहा है, क्योंकि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दोनों का गृहराज्य है। यही नहीं 2022 के दिसंबर में हुए गुजरात विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने राज्य में जीत के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। वहीं मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस 182 सीटों में से सिर्फ 17 पर ही जीत पाई थी।
पार्टी के नेताओं कों अलग-अलग सीटों की मिली जिम्मेदारी
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मनीष दोशी ने कहा है कि वरिष्ठ और युवा पार्टी नेताओं से बनी टीमों को अलग-अलग लोकसभा सीटों की जिम्मेदारियां दी गई है। उन्होंने कहा, 'उन्हें मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों की जरूरतों को देखते हुए पार्टी की स्थिति के मुताबिक लोकसभा क्षेत्रों में स्थानीय नेताओं के साथ बातचीत करने का काम सौंपा गया है।'
इसके तहत गुजरात के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल भरूच और छोटा उदयपुर लोकसभा सीटों को देखेंगे। इन दोनों ही सीटों पर आदिवासियों की अच्छी-खासी आबादी है। वहीं पार्टी विधायक दल के नेता अमित चावड़ा को खेड़ा, भावनगर और सुरेंद्रनगर लोकसभा सीटों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भरतसिंह सोलंकी, अर्जुन मोढवाडिया, सिद्धार्थ पटेल और जगदीश ठाकोर के अलावा पूर्व विधायक दल के नेता परेश धनानी और सुखराम राठवा को भी अलग-अलग लोकसभा सीटें आवंटित की गई हैं।
इनसे मिली रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस बनाएगी भविष्य की रणनीति
पार्टी प्रवक्ता के मुताबिक, 'पार्टी के अनुभवी नेताओं को कार्यकारी अध्यक्षों के साथ जोड़ा गया है....उनकी ओर से तैयार की गई रिपोर्ट को पार्टी के गुजरात में प्रभारी महासचिव मुकुल वासनिक के साथ बैठकों में चर्चा के लिए लिया जाएगा, ताकि उसी आधार पर चुनावों के लिए भविष्य की रणनीति तैयार की जा सके।'
कांग्रेस पार्टी की ये टीमें संबंधित लोकसभा सीटों पर पार्टी के पूर्व लोकसभा और विधानसभा उम्मीदवारों, स्थानीय निकाय के उम्मीदवारों और जीते हुए नेताओं से मुलाकात करेगी। दोशी ने कहा, 'वे दी गई लोकसभा सीटों के विभिन्न पहलुओं पर बात करेंगे, जिसमें सोशल डिनामिक्स, भौगोलिक स्थिति, जमीनी हालात और पार्टी के पिछले प्रदर्शन के बारे में स्थानीय नेताओं की राय और सुझाव और अन्य बातों को ध्यान में रखते हुए यह विचार किया जाएगा कि इसे कैसे बेहतर बनाया जा सकता है।' (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications