कांग्रेस की राज्यसभा लिस्ट सामने आने के बाद पार्टी के भीतर से उठने लगी आवाज, पवन खेड़ा का छलका दर्द
नई दिल्ली, 30 मई। राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने 10 उम्मदीवारों के नाम जारी किए हैं जिन्हें राज्यसभा का टिकट दिया गया है। राज्यसभा उम्मीदवारों की लिस्ट सामने आने के बाद पार्टी के भीतर असंतोष साफ तौर पर नजर आ रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इसपर सवाल खड़े कर ररहे हैं। राजस्थान से पार्टी ने रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुकुल वासनिक, प्रमोद तिवारी को टिकट दिया है। लेकिन अहम बात यह है कि ये तीनों ही उम्मीदवार राजस्थान से नहीं आते हैं। ऐसे में पार्टी के भीतर से अब आवाज उठने लगी है।

Recommended Video
राजस्थान के सिरोही विधानसभा सीट से पार्टी के विधायक संयम लोढ़ा ने सवाल खड़ा किया है कि आखिर क्यों एक भी राजस्थान के नेता को पार्टी ने टिकट नहीं दिया। संयम लोढ़ा ने ट्वीट करके लिखा, 'कांग्रेस पार्टी को यह बताना चाहिए कि राजस्थान के किसी भी कांग्रेस नेता/कार्यकर्ता को राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी नहीं बनाने के क्या कारण है? इस ट्वीट में लोढ़ा ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को टैग भी किया है। बता दें कि पार्टी ने राजीव शुक्ला, रणजीत रंजन, अजय माकन, जयराम रमेश, विवेक तन्खा, इमरान प्रतापगढ़ी, रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुकुल वासनिक, प्रमोद तिवारी, पी चिदंबरम को राज्यसभा का टिकट दिया है।
वहीं पार्टी के नेता पवन खेड़ा ने भी पार्टी द्वारा उन्हें राज्यसभा का टिकट नहीं देने पर अपना दुख जाहिर किया है। पवन खेड़ा ने ट्वीट करके लिखा, शायद मेरी तपस्या में कुछ कमी रह गई। हालांकि पवन खेड़ा ने इस ट्वीट में राज्यसभा टिकट का जिक्र नहीं किया है लेकिन जिस तरह से राज्यसभा उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने के बाद उन्होंने यह ट्वीट किया है, उसे राज्यसभा चुनाव से ही जोड़कर देखा जा रहा है। अहम बात है कि कांग्रेस की लिस्ट में आनंद शर्मा और गुलाम नबी आजाद का भी नाम शामिल नहीं है। ये दोनों ही जी-23 के नेता हैं, जिन्होंने कांग्रेस में नेतृत्व बदलाव की बात कही थी।












Click it and Unblock the Notifications