'दुख है कि गुलाम नबी आजाद ने ऐसे वक्त पर पार्टी छोड़ी जब...', कांग्रेस ने इस्तीफे क्या कहा, जानिए
'दुख है कि गुलाम नबी आजाद ने ऐसे वक्त पर पार्टी छोड़ी जब...', कांग्रेस ने इस्तीफे क्या कहा, जानिए
नई दिल्ली, 26 अगस्त: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने आज कांग्रेस पार्टी छोड़ दी और इस्तीफा दे दिया है। गुलाम नबी आजाद ने अपने इस्तीफा में राहुल गांधी को "अपरिपक्वता" और पार्टी में "परामर्श तंत्र को ध्वस्त करने" के लिए जिम्मेदार बताया है। गुलाम नबी आजाद के इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस पार्टी की ओर से कांग्रेस नेता अजय माकन ने इसपर अपनी प्रतिक्रिया रखी है। कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा कि ये बड़े दुख की बात है कि विपक्ष के एकजुट होने के मौके पर गुमाम नबी आजाद ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
Recommended Video

कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा कि पार्टी को मीडिया से गुलाम नबी आजाद के इस्तीफे के बारे में तब पता चला जब मीडिया को पांच पन्नों का पत्र जारी किया गया। पार्टी और देश के लिए उनके योगदान को याद करते हुए अजय माकन ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि गुलाम नबी आजाद जैसा दिग्गज नेता उस राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा नहीं बनना चाहता जो पार्टी अगले महीने शुरू करेगी।
कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा, ''5 सितंबर 2022 को पूरे देशभर में कांग्रेस की ओर से 32 प्रेस-कॉन्फ्रेंस रखे गए हैं लेकिन बड़े दुख की बात है कि गुलाब नबी आजाद साहब ने ऐसे समय में पार्टी छोड़ी है। गुलाम नबी आजाद ने ऐसे समय में कांग्रेस को छोड़ने का फैसला किया है और इस लड़ाई में हिस्सा ना लेने का निर्णय किया है। हम ये उम्मीद करते थे कि ये लड़ाई जो हम जनता, मंहगाई, बेरोजगारी के मुद्दों के लिए लड़ रहे हैं, और कांग्रेस पार्टी सबसे प्रमुख विपक्षी पार्टी होने के नाते लड़ रही है। इसमें भी कोई दो राय नहीं है कि अगर विपक्ष के सबसे मुखर कोई नेता हैं तो वो राहुल गांधी हैं।''
अजय माकन ने आगे कहा, ''तो ऐसे समय में हम ये उम्मीद कर रहे थे कि गुलाम नबी आजाद जैसे मुख्य नेता, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर विपक्ष और जनता की आवाज बनेंगे। दुख की बात ये है कि वो इस मौके पर इस आवाज का हिस्सा नहीं बनना चाह रहे हैं। इतना ही हम लोग आज इसके ऊपर कहना चाहेंगे।''
अपने पांच पन्नों के पत्र में, गुलाम नबी आजाद ने नेतृत्व को फटकार लगाई और राहुल गांधी की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपनी मंडली से पार्टी चलाते हैं। गुलाम नबी आजाद ने 'कांग्रेस की बर्बादी' के लिए पूरी तरह से राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया।












Click it and Unblock the Notifications