मध्य प्रदेश में मंत्रियों की नियुक्ति नहीं होने पर कांग्रेस ने खड़ा किया बड़ा सवाल
नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए तमाम राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही हैं। पिछले 24 मार्च से देश में लॉकडाउन किया गया है। लेकिन बावजूद इसके संक्रमण के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। हर रोज संक्रमण के मामलों में इजाफा हो रहा है। मध्य प्रदेश में भी जिस तरह से संक्रमण बढ़ रहा है, उसपर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करके सवाल खड़ा किया गया है कि आखिर क्यों संकट के इस समय भी प्रदेश में स्वास्थ्य मंत्री नहीं है।
Recommended Video

ट्वीट करके लिखा गया है कि एमपी शासन में मंत्रिमंडल के एकमात्र सदस्य शिवराज सिंह हैं। इस नाजुक समय में एमपी को स्वास्थ्य मंत्री की जरूरत है, जो स्वास्थ्य मंत्रालय को संभाल कर कोरोना के खिलाफ कदम उठा सके। एमपी में कोरोना के 1310 मामले और 69 मौतें हो चुकी हैं, ये आंकड़े भयभीत करते हैं। #भाजपा_मस्त_MP_त्रस्त। बता दें कि मध्य प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार संक्रमण को रोकने के लिए कदम उठा रहे हैं। लेकिन इस बीच प्रदेश में मंत्रिमंडल की नियुक्ति नहीं होने की वजह से वह विपक्ष के निशाने पर भी हैं।
इस ट्वीट के साथ कांग्रेस ने एक पोस्टर भी साझा किया है, जिसमे बताया गया है कि मध्य प्रदेश का मंत्रिमंडल कहां है। प्रदेश में 1310 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं, 69 लोगों की मौत हो गई है। शिवराज सिंह चौहान राज्य मंत्रिमंडल के एकमात्र सदस्य हैं। बता दें कि देश में कोरोना वायरस के चलते अभी तक 507 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15712 लोग इस संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications