कोलकाता कांड: CBI कार्यालय के बाहर कांग्रेस ने किया विरोध-प्रदर्शन, जांच में तेजी लाने की बात
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में 31 वर्षीय ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुई हैवानियत को कई दिन बीत चुके है। इस मामले में अब सीबीआई अपनी जांच कर रही है और हर रोज कुछ ना कुछ जानकारी सामने आ रही है।
इस बीच, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीबीआई कार्यालय के बाहर बुधवार 04 सितंबर को विरोध प्रदर्शन किया। विरोध-प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों का कहना था कि सीबीआई इस मामले की जांच में तेजी लाए।

इस दौरान कांग्रेसियों ने शहर के दक्षिणी हिस्से में एजेसी बोस रोड को जाम कर दिया और टायर भी जलाए। वरिष्ठ पार्टी नेता संतोष पाठक ने आंदोलनकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का नेतृत्व किया और चेतावनी दी
उन्होंने कहा कि अगर जांच में देरी हुई और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) अपराध में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार करने में विफल रही तो वे अपना विरोध प्रदर्शन तेज कर देंगे। पाठक ने कहा, 'पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ TMC और भाजपा के बीच एक मौन समझौता है।'
इतना ही नहीं, उन्होंने आगे कहा कि अगर टीएमसी जांच को पटरी से उतारने की कोशिश करती है, तो हम चुप नहीं बैठेंगे। हालांकि, पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और प्रवक्ता सौम्या ऐच रॉय ने कहा कि पार्टी ने सीबीआई कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन का समर्थन नहीं किया है।
आपको बता दें कि 09 अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सेमिनार हॉल में एक पोस्टग्रेजुएट ट्रेनी डॉक्टर का शव मिला था। अगले दिन, उसके बलात्कार और हत्या के सिलसिले में एक नागरिक स्वयंसेवक को गिरफ्तार किया गया था। इस घटना ने पूरे देश में आक्रोश फैला दिया है।
घटना पर देशव्यापी आक्रोश
कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है। गिरफ्तारी में देरी के कारण लोगों में काफी आक्रोश है, जिसके कारण पीड़िता के लिए त्वरित न्याय की मांग को लेकर कई विरोध प्रदर्शन हुए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने धीमी गति से चल रही जांच पर अपनी निराशा व्यक्त की है। उनका मानना है कि राजनीतिक हस्तक्षेप प्रगति में बाधा बन सकता है, इसलिए उन्होंने अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications