#Republicday2018: गणतंत्र दिवस समारोह में राहुल गांधी को मिली चौथी पंक्ति में जगह, गरमाई सियासत
नई दिल्ली। 26 जनवरी को राजपथ पर होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बैठने की जगह को लेकर सियासत गरमा गई है। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को गणतंत्र दिवस समारोह में चौथी पंक्ति में बैठने की जगह दी गई है। हालांकि इससे पहले जब सोनिया गांधी कांग्रेस अध्यक्ष थी तो उन्हें पहली पंक्ति में बैठने की जगह दी जाती थी। इसी मामले में कांग्रेस की ओर से सवाल खड़े किए गए हैं।

कांग्रेस सूत्रों ने उठाए सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को जिस तरह से दिल्ली के राजपथ पर होने गणतंत्र दिवस परेड समारोह में चौथी पंक्ति में जगह दी गई है उसको लेकर कांग्रेस पार्टी से सूत्रों ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस सूत्रों ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार परंपरा को तोड़ रही है। उन्होंने इसे ओछी हरकत बताया है।

सोनिया को मिलती थी पहली पंक्ति में जगह
भले ही कांग्रेस सूत्रों ने राहुल गांधी के बैठने की जगह को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा हो, लेकिन राहुल गांधी का कहना है कि गणतंत्र दिवस समारोह बेहद अहम है, उन्हें कहां बैठाया जाता है ये खास बात नहीं है। राहुल गांधी को पिछले महीने गुजरात चुनाव के बाद ही कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया। ऐसे में कांग्रेस की ओर से उनकी सीट को लेकर सवाल उठाया है।

बीजेपी पर कांग्रेस ने साधा निशाना
हालांकि पिछले 70 साल के इतिहास पर नजर डालें तो कांग्रेस अध्यक्ष को हमेशा से आगे की पंक्ति में जगह दी गई है। फिर चाहे कांग्रेस पार्टी सत्ता में रही हो या फिर विपक्ष में। हालांकि इस बार जिस तरह से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को चौथी पंक्ति में जगह दी गई है, ये चौंकाने वाला है। फिलहाल बीजेपी की ओर से इस पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।












Click it and Unblock the Notifications